NEETUG2026 : रोडवेज बसों में फ्री सफर कर एग्जाम देंगे NEET छात्र :- 21 जून को दोबार होने वाली NEET UG की परीक्षा को लेकर धामी सरकार ने स्टूडेंट्स को बड़ी राहत दी है। प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के मुताबिक प्रदेश में नीट (यूजी) 2026 की पुनः परीक्षा में सम्मिलत होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जायेगी।
उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को नीट (यूजी)-2026 का प्रवेश पत्र दिखाकर इस सुविधा का लाभ मिलेगा. यह सुविधा अभ्यर्थियों को परीक्षा से दो दिन पहले और परीक्षा समाप्त होने के दो दिन बाद तक के मान्य होगी. इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार सन्त ने प्रबंध निदेशक उत्तराखंड परिवहन निगम को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार यह सुविधा उत्तराखंड राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को ही अनुमन्य होगी, जो नीट (यूजी)-2026 की ओर से जारी प्रवेश पत्र के आधार पर ही मान्य होगी. यह सुविधा उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से संचालित केवल साधारण श्रेणी की बसों और परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्ग के लिए ही मान्य होगी।
इस सुविधा के तहत परीक्षा की तिथि से दो दिन पहले से लेकर परीक्षा की तिथि तक अभ्यर्थी अपने गृह स्थान या फिर वर्तमान प्रवास से परीक्षा केंद्र तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे. परीक्षा केंद्र से वापसी के लिए परीक्षा समाप्ति की तिथि से दो दिवस के भीतर अपने गृह स्थान या वर्तमान प्रवास के पते तक की वापसी यात्रा मान्य होगी।

