AmitabhBachchanProperty : अमिताभ बच्चन – अरबों का है प्रॉपर्टी साम्राज्य :- बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन सिर्फ एक्टिंग की दुनिया के ही बादशाह नहीं हैं, बल्कि रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट के मामले में भी उनका कोई जवाब नहीं है. बिग बी ने मुंबई में अपनी एक बड़ी कमर्शियल प्रॉपर्टी को भारी-भरकम किराए पर लीज पर दिया है. इस नई डील से उन्हें हर महीने लाखों रुपये की कमाई होने वाली है।
प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन डेटा एक्सेस करने वाली प्लेटफॉर्म Zapkey के अनुसार, अमिताभ बच्चन ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित ओशिवारा के लिंक रोड पर बनी ‘सिग्नेचर’ बिल्डिंग के तीन ऊपरी फ्लोर किराए पर दिए हैं. यह लीज न्यूट्रिशन कंपनी TruNativ F&B Private Limited को दी गई है. इस प्रॉपर्टी का कुल कारपेट एरिया लगभग 8,428 स्क्वायर फीट है, जिसके लिए कंपनी हर महीने करीब 33 लाख रुपये (यानी 392 रुपये प्रति स्क्वायर फीट) का किराया चुकाएगी।
5 साल की लीज और पार्किंग राइट्स
Zapkey के दस्तावेजों के मुताबिक, यह लीज 15 अगस्त से लागू हो चुकी है और 5 साल के लिए की गई है. इस पूरी अवधि में बिग बी को कुल 21.88 करोड़ रुपये का किराया मिलेगा. इस डील में हर साल किराए में 5% की बढ़ोतरी का प्रावधान रखा गया है. इसके अलावा, कंपनी ने 1.98 करोड़ रुपये का सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा किया है और उन्हें 9 गाड़ियों की एक्सक्लूसिव पार्किंग की सुविधा भी दी गई है।
पहले भी दिए हैं ऑफिस स्पेस
यह पहली बार नहीं है जब बिग बी ने इस बिल्डिंग से कमाई की है. इससे पहले 2023 में अमिताभ बच्चन ने इसी सिग्नेचर बिल्डिंग में अपनी चार ऑफिस यूनिट्स वार्नर म्यूजिक प्राइवेट लिमिटेड को 17.30 लाख रुपये महीने के किराए पर दी थीं. मार्च 2024 से शुरू हुई उस डील में 12 पार्किंग स्पेस शामिल थे।
अमिताभ बच्चन के पास मुंबई के अलावा अयोध्या, अलीबाग और विदेशों में भी कई लग्जरी घर, फ्लैट्स और जमीनें हैं. मैजिकब्रिक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जुहू में स्थित उनका मुख्य बंगला ‘जलसा’ लगभग 100 करोड़ रुपये का है. इसके अलावा उनके परिवार के पास ‘जनक’ (जो ऑफिस के रूप में इस्तेमाल होता है), ‘वत्स’ (जो सिटी बैंक को लीज पर दिया है) और जुहू में ही दो अन्य फ्लैट्स व एक अन्य बंगला मौजूद है।
मुंबई से बाहर भी तगड़ा निवेश
मैजिकब्रिक्स और प्रॉपर्टी रिपोर्ट्स के अनुसार, अमिताभ बच्चन ने बोरीवली के ओबेरॉय स्काई सिटी में करीब 7 करोड़ रुपये के दो रेजिडेंशियल फ्लैट्स खरीदे थे. मुंबई के बाहर, उन्होंने अप्रैल 2024 में अलीबाग में 10 करोड़ रुपये से अधिक की जमीन खरीदी. वहीं, मार्च में द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा से अयोध्या में 35 करोड़ रुपये की 2.67 एकड़ जमीन खरीदी थी, जो अयोध्या में उनका तीसरा बड़ा इन्वेस्टमेंट था।

