MussoorieAssembly : पहाड़ों की रानी मसूरी का कौन बनेगा राजा ? :- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव संग्राम शुरू होने से पहले नेताओं में दावेदारी का संग्राम शुरू हो गया है। भाजपा में वैसे तो अनुशासन होने का दावा किया जाता रहा है लेकिन अब अंदर की महत्वाकांक्षा खुलकर बहार आने लगी है। केवल एक वीआईपी सीट की बात करें तो मसूरी विधानसभा में शह और मात का खेल शुरू हो गया है। राज्य आंदोलनकारी और पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र जुगरान ने आधिकारिक रूप से मसूरी सीट से अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है। उनकी इस घोषणा के बाद से पूरी राजधानी और मसूरी के राजनीतिक गलियारों में जबरदस्त चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
दिग्गजों की कतार में शामिल हुआ एक और बड़ा नाम
मसूरी विधानसभा सीट पर टिकट पाने की होड़ अब बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय मुकाबले में बदलती दिख रही है। रविंद्र जुगरान से पहले भी कई बड़े दिग्गज इस सीट पर अपनी नजरें गड़ाए हुए हैं , पहले पूर्व मेयर सुनील उनियाल ‘गामा’ भी यहाँ से ताल ठोक चुके हैं तो पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल भी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर चुके हैं और अब रविंद्र जुगरान के मैदान में उतरने से मौजूदा विधायक की राह कठिन मानी जा रही है।
इस बढ़ती गुटबाजी और दावेदारी के चलते लगातार तीन बार से मसूरी के विधायक रहे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के लिए अपनी सीट बचाए रखना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। हालांकि, गणेश जोशी ने इस पर सधा हुआ बयान देते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी को दावेदारी पेश करने का पूरा अधिकार है। उन्हें संगठन पर पूरा भरोसा है कि पार्टी फिर से उन पर विश्वास जताएगी और शीर्ष नेतृत्व हमेशा जीतने वाले (जिताऊ) प्रत्याशी को ही टिकट देता है।
अपनी दावेदारी का शंखनाद करने के लिए रविंद्र जुगरान ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए अपनी प्राथमिकताओं को जनता के सामने रखा। जुगराण ने भावुक अंदाज में कहा कि उनका जन्म मसूरी की वादियों में ही हुआ है और पिछले 36 वर्षों से वे एक सामाजिक कार्यकर्ता और एक्टिविस्ट के रूप में धरातल पर सक्रिय हैं। सरकार चाहे किसी की भी रही हो, उन्होंने हमेशा जनता की आवाज को मुखरता से शासन और अधिकारियों तक पहुंचाया है।
उन्होंने साफ किया कि किसी का टिकट कटवाना उनका मकसद नहीं है। भारतीय जनता पार्टी एक लोकतांत्रिक पार्टी है जो हमेशा नए चेहरों और कर्मठ कार्यकर्ताओं को मौका देती है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि हाईकमान बारीकी से जांच-पड़ताल करने के बाद इस बार उन्हें मसूरी की जनता की सेवा करने का अवसर जरूर देगा।

