SurkandaDeviMiracle : उत्तराखंड में मां सुरकंडा देवी का चमत्कार :- देवभूमि में बड़ा हादसा चमत्कार की वजह से टल गया। टिहरी जनपद में मां सुरकंडा देवी मंदिर के चरणों में बसे सकलाना क्षेत्र के नौगांव में बुधवार सुबह एक बड़ी खबर सामने आई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक हेलीकॉप्टर बिजली की तारों से टकराकर जमीन पर आ गिरा। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। लेकिन सबसे बड़ा चमत्कार यह रहा कि हेलीकॉप्टर में सवार पायलट सहित सभी लोग सुरक्षित रहे।
जानकारी के मुताबिक बदरीनाथ से यात्रियों को लेकर देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का एक हेलीकॉप्टर टिहरी जिले के सकलाना क्षेत्र अंतर्गत सत्यो-नौगांव के ऊपर बड़ा हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। हेलीकॉप्टर उड़ान के दौरान 11000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें अफरा-तफरी मच गई। हालांकि महिला पायलट अनुपमा चौधरी की सूझबूझ और साहस से सभी छह यात्रियों की जान बच गई।
पायलट अनुपमा चौधरी के अनुसार हेलीकॉप्टर को मूल रूप से गुप्तकाशी होकर देहरादून पहुंचना था, लेकिन उनको सीधे देहरादून जाने का संदेश मिलने के बाद निर्धारित रूट बदलना पड़ा। नए रूट से चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरते समय सुबह करीब साढ़े 9 बजे अचानक हेलीकॉप्टर के पिछले रोटर में 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार फंस गया।प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के मुताबिक तार फंसते ही हेलीकॉप्टर हवा में बुरी तरह हिचकोले खाने लगा और अनियंत्रित होकर नीचे आने लगा।
स्थिति बेहद भयावह हो गई थी, लेकिन पायलट अनुपमा चौधरी ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर को नियंत्रित रखा और फंसे हुए तार के साथ ही उसे सुरक्षित रूप से सत्यो-सकलाना के खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। हादसे में हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन पायलट सहित सभी छह यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही चंबा-सत्यो पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हेलीकॉप्टर में पायलट अनुपमा चौधरी के अलावा यात्री पुत्र राज सूरी, श्रीराज सूरी, भूमि सूरी, पार्थ सूरी, हिमांशी पटेल और निष्का सवार थे।

