WeatherUpdate : 12 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट – पढ़िए चेतावनी :- मई का महीना आमतौर पर भीषण गर्मी और लू के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है. उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 से 13 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम अचानक बदल सकता है. इस दौरान कई इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ जगहों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
कई राज्यों में बारिश और तूफानी हवाओं का अनुमान
IMD के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में 11 से 13 मई के बीच बारिश और तेज हवाओं का नया दौर देखने को मिल सकता है. इसके अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है, जिससे कुछ इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर दिक्कतें बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।
उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और चमोली में हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई है. पहाड़ी इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है. 11 से 13 मई के बीच राज्य में फिर से बारिश का नया दौर शुरू होने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक 11 से 13 मई के दौरान कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.शिमला, मनाली, धर्मशाला, मंडी, कुल्लू और चंबा में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मौसम
दक्षिण भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 6 से 7 दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ तेज हवाएं और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है.वहीं दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है. IMD ने 9 से 13 मई के बीच इन क्षेत्रों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में बढ़ेगा तापमान, बारिश के आसार नहीं
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल मौसम साफ रहने की संभावना है. हालांकि आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 8 से 12 मई के बीच अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।

