UttarakhandTourism : सुरक्षित और सफल चारधाम यात्रा को तैयार :- हिमालय की गोद में बसने वाली चारधाम यात्रा केवल श्रद्धा का प्रवाह नहीं, बल्कि जीवन और प्रकृति के बीच संतुलन की एक कठिन परीक्षा भी है। हर साल लाखों श्रद्धालु कठिन पहाड़ी रास्तों से गुजरते हुए बाबा केदार और बद्रीविशाल के दर्शन के लिए निकलते हैं, लेकिन इस बार यात्रा केवल आस्था तक सीमित नहीं रहेगी—यह सुरक्षा और सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का भी नया उदाहरण पेश करेगी। पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के तहत राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा 2026 को “सुरक्षित, सुव्यवस्थित और संवेदनशील” बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का ऐसा खाका तैयार किया है, जो पहले कभी देखने को नहीं मिला।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा चारधाम यात्रा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ा एक बड़ा दायित्व है। इस वर्ष हमने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को पूरी तरह नए स्तर पर ले जाने का प्रयास किया है। हर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया गया है और यात्रा मार्ग पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट की संख्या बढ़ाई गई है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती, एम्बुलेंस नेटवर्क और हेलीकॉप्टर रेस्क्यू जैसी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। हमने हाई रिस्क यात्रियों की पहचान और उनकी निगरानी के लिए भी विशेष सिस्टम तैयार किया है। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है कोई भी श्रद्धालु इलाज के अभाव में परेशान न हो। सरकार पूरी तरह तैयार है और सभी विभागों के समन्वय से इस यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाया जाएगा।
चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और स्वास्थ्य जोखिमों को देखते हुए इस बार यात्रा की शुरुआत से पहले ही सतर्कता बरती जा रही है। देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में 57 स्क्रीनिंग कियोस्क स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। इन कियोस्क के माध्यम से हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, शुगर और अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त यात्रियों की पहचान कर उन्हें समय रहते सलाह और सहायता दी जा रही है।
यह व्यवस्था न केवल संभावित हादसों को रोकने में मदद करेगी, बल्कि यात्रा को सुरक्षित बनाने में एक मजबूत शुरुआती कदम साबित हो रही है। चारधाम यात्रा के सबसे चुनौतीपूर्ण पड़ाव—केदारनाथ और बद्रीनाथ—में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर इस बार विशेष ध्यान दिया गया है। केदारनाथ में 17 बेड का अस्पताल पहले ही संचालित हो चुका है, जहां आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित डॉक्टरों की तैनाती की गई है। वहीं बद्रीनाथ में 50 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल जून तक शुरू होने जा रहा है।
चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं का सबसे बड़ा आधार मानव संसाधन होता है, और इस बार सरकार ने इस मोर्चे पर कोई कमी नहीं छोड़ी है। विशेषज्ञ डॉक्टरों से लेकर पैरामेडिकल स्टाफ तक, हर स्तर पर मजबूत टीम तैयार की गई है। 25 विशेषज्ञ डॉक्टर, 178 मेडिकल अधिकारी और 414 पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा रोस्टर के आधार पर अतिरिक्त मेडिकल अधिकारियों और स्टाफ को भी लगातार जोड़ा जाएगा, ताकि किसी भी स्थिति में सेवाओं में बाधा न आए।
विशेषज्ञ डॉक्टरों में फिजिशियन, ऑर्थोपेडिशियन, एनेस्थेटिस्ट और गायनेकोलॉजिस्ट शामिल हैं, जो हर तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगे।सरकार ने केवल संसाधन बढ़ाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता पर भी बराबर ध्यान दिया है।
दून मेडिकल कॉलेज और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में सभी मेडिकल अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे ऊंचाई और मौसम से जुड़ी जटिल परिस्थितियों में भी प्रभावी तरीके से काम कर सकें। इसके साथ ही होटल, लॉज, धर्मशाला संचालकों और खच्चर चालकों को भी हाई रिस्क संकेतों और आपात स्थिति में सही प्रतिक्रिया के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
एम्बुलेंस से हेली रेस्क्यू तक
चारधाम यात्रा के दौरान समय ही जीवन होता है, और इस बात को ध्यान में रखते हुए सरकार ने रेस्क्यू सिस्टम को अत्याधुनिक बनाया है। यात्रा मार्ग पर 177 एम्बुलेंस तैनात की जा रही हैं, जो हर समय आपात स्थिति के लिए तैयार रहेंगी। इसके साथ ही हेलीकॉप्टर रेस्क्यू की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। यूकाडा के साथ समन्वय कर हेली रेस्क्यू को प्रभावी बनाया गया है, जबकि एम्स ऋषिकेश द्वारा हेली एम्बुलेंस संचालित की जाएगी। इस व्यवस्था से दूर-दराज के क्षेत्रों में फंसे गंभीर मरीजों को मिनटों में बेहतर अस्पताल तक पहुंचाया जा सकेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 112, 108 और 104 हेल्पलाइन नंबर चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे। खास बात यह है कि 104 हेल्पलाइन के जरिए हाई रिस्क यात्रियों की लगातार निगरानी भी की जाएगी।
यह व्यवस्था किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेगी और जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराएगी।चारधाम यात्रा 2026 इस बार केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि व्यवस्थाओं की कसौटी भी होगी। राज्य सरकार ने जिस तरह से स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए मजबूत आधार तैयार किया है, उससे यह साफ है कि इस बार श्रद्धालुओं को न केवल आस्था का सुकून मिलेगा, बल्कि सुरक्षा का भरोसा भी साथ चलेगा।

