PetrolPumpNewRule : अब पेट्रोल पंप पर चलेगी आपकी मर्जी ! :- देशभर के पेट्रोल पंपों पर आने वाले समय में ग्राहकों को ईंधन चुनने का नया विकल्प मिल सकता है. सरकार इस बात पर विचार कर रही है कि लोगों को E-20 पेट्रोल के साथ सामान्य पेट्रोल भी उपलब्ध कराया जाए.अगर यह फैसला लागू होता है तो वाहन मालिक अपनी गाड़ी और जरूरत के हिसाब से पेट्रोल का चुनाव कर सकेंगे. इसका उद्देश्य ग्राहकों को ज्यादा सुविधा देना है।
E-20 पेट्रोल को लेकर क्यों हो रही चर्चा?
पिछले कुछ समय से E-20 पेट्रोल को लेकर लोगों की अलग-अलग राय सामने आई है. कुछ वाहन चालकों का कहना है कि E-20 पेट्रोल इस्तेमाल करने से माइलेज में थोड़ी कमी महसूस होती है.वहीं, कई लोगों ने पुरानी गाड़ियों में इसके इस्तेमाल को लेकर भी चिंता जताई है. इन्हीं बातों को देखते हुए सरकार इस मामले में सभी पक्षों से राय लेने की तैयारी कर रही है।
पहले भी हुआ था विकल्प रखने पर विचार
जानकारी के मुताबिक, जब E-20 पेट्रोल लागू करने की योजना बनाई जा रही थी, तब भी सामान्य पेट्रोल को विकल्प के तौर पर बनाए रखने पर चर्चा हुई थी.
हालांकि, उस समय तेल कंपनियां इसके लिए तैयार नहीं थीं. अब ग्राहकों की प्रतिक्रिया और बदलती परिस्थितियों को देखते हुए इस मुद्दे पर दोबारा विचार किया जा रहा है.अगर E-20 और सामान्य पेट्रोल दोनों उपलब्ध कराने का फैसला लिया जाता है तो पेट्रोल पंप संचालकों के सामने कई चुनौतियां आ सकती हैं।
सबसे बड़ी चुनौती दोनों ईंधनों की कीमत तय करने की होगी. दोनों की लागत अलग होने के कारण इनके दाम तय करना आसान नहीं होगा.इसके अलावा पेट्रोल पंपों पर अलग-अलग ईंधन के लिए नई मशीनें या अतिरिक्त डिस्पेंसर लगाने पड़ सकते हैं।
इससे पेट्रोल पंप मालिकों को अतिरिक्त खर्च करना पड़ सकता है. फिलहाल देश के ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर E-20 पेट्रोल उपलब्ध है. इसके अलावा कुछ तेल कंपनियां अपने प्रीमियम पेट्रोल ब्रांड भी बेचती हैं.लेकिन सामान्य पेट्रोल का अलग विकल्प अभी ज्यादातर जगहों पर उपलब्ध नहीं है।
E-20 पेट्रोल की कीमत में आ सकता है बदलाव
बताया जा रहा है कि तेल कंपनियां अभी E-20 पेट्रोल को कम मुनाफे पर बेच रही हैं. आने वाले समय में स्थिति सामान्य होने पर इसकी कीमत में बदलाव हो सकता है.कुछ रिपोर्टों के अनुसार, भविष्य में E-20 पेट्रोल की कीमत सामान्य पेट्रोल से कम भी हो सकती है।
माना जा रहा है कि मौजूदा स्थिति ठीक होने पर इसकी कीमत में करीब 10 रुपये तक की कमी देखने को मिल सकती है.सरकार का अंतिम फैसला आने के बाद ही साफ होगा कि पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को E-20 और सामान्य पेट्रोल दोनों में से चुनाव करने की सुविधा कब से मिलेगी॥

