YamiGautam : यामी गौतम ने छोड़ा ग्लैमर, हिमाचल बना नया ठिकाना :- बॉलीवुड की चमक-दमक और लगातार लाइमलाइट से दूर अब एक मशहूर कपल ने शांत जिंदगी की ओर कदम बढ़ाने का फैसला किया है. अभिनेत्री यामी गौतम और फिल्ममेकर आदित्य धर ने मुंबई छोड़कर हिमाचल प्रदेश को अपना स्थायी ठिकाना बनाने का फैसला किया है. फ्री प्रेस जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों अब पहाड़ों के बीच सुकून भरी जिंदगी बिताएंगे. हालांकि, फिल्मों और दूसरे प्रोफेशनल प्रोजेक्ट्स के सिलसिले में उनका मुंबई आना-जाना जारी रहेगा।
आखिर क्यों छोड़ा मुंबई?
यामी गौतम और आदित्य धर अपनी निजी जिंदगी को हमेशा मीडिया की च काचौंध से दूर रखना पसंद करते रहे हैं. ऐसे में मुंबई की लगातार भागदौड़ और लाइमलाइट से दूर एक शांत और निजी जीवन जीने के लिए उन्होंने हिमाचल का रुख किया है. दोनों के लिए हिमाचल सिर्फ एक खूबसूरत जगह नहीं है, बल्कि इससे उनकी भावनात्मक यादें भी जुड़ी हैं. खासकर यामी गौतम का हिमाचल से गहरा रिश्ता रहा है. उनके बचपन और पारिवारिक जड़ों का संबंध इसी राज्य से है।
25 एकड़ में बना है यामी का हेरिटेज घर
यामी ने शादी से पहले हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोहर इलाके में करीब 25 एकड़ जमीन पर बने 100 साल पुराने हेरिटेज घर को खरीदा था. यह घर उनके परिवार के लिए बेहद खास है और यामी की निजी जिंदगी में इसकी अहम जगह रही है. यह वही जगह है, जहां यामी और आदित्य ने साल 2021 में बेहद निजी अंदाज में शादी की थी. शादी के बाद इस घर और जगह से दोनों का जुड़ाव और भी गहरा हो गया।
मुंबई आएंगे, लेकिन पहाड़ों में रहेगा बसेरा
हिमाचल को स्थायी ठिकाना बनाने का मतलब यह नहीं है कि यामी और आदित्य ने बॉलीवुड से दूरी बना ली है. दोनों अपने काम और प्रोजेक्ट्स के सिलसिले में मुंबई आते-जाते रहेंगे. फिल्मों से जुड़े उनके प्रोफेशनल कमिटमेंट पहले की तरह जारी रहेंगे. हालांकि, शूटिंग और काम के बीच उनका घर अब मुंबई की भीड़भाड़ के बजाय हिमाचल की शांत वादियों में होगा।

