UttarakhandIASTransfer : बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 30 IAS-PCS अधिकारियों के तबादले :- उत्तराखंड में शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 10 IAS और 20 PCS अफसरों समेत 30 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारी(CDO) बदले गए हैं।
उत्तराखंड में 30 IAS-PCS अधिकारियों के तबादले
कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक आईएएस अभिनव शाह को मुख्य विकास अधिकारी, देहरादून की जिम्मेदारी से अवमुक्त कर दिया गया है। उन्हें अब अपर सचिव पर्यटन का महत्वपूर्ण प्रभार सौंपा गया है। तो वहीं आईएएस दीपक सैनी को देहरादून का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा आईएएस प्रवीण कुमार को सीडीओ पिथौरागढ़ और आईएएस अनामिका को सीडीओ अल्मोड़ा की जिम्मेदारी दी गई है। आईएएस दीपक रामचंद्र सेठ चमोली के नए सीडीओ बनाया गया है, जबकि आईएएस राहुल आनंद को उत्तरकाशी का सीडीओ नियुक्त किया गया।
वहीं, आईएएस आशिमा गोयल को नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी और पीसीएस स्मृता परमार को नगर आयुक्त नगर निगम रुड़की बनाया गया है। पीसीएस अभिषेक त्रिपाठी अब पंचायती राज निदेशालय देहरादून के नए निदेशक होंगे।
पीसीएस अधिकारी पंकज कुमार उपाध्याय को हरिद्वार कुंभ मेला का अपर मेलाधिकारी बनाया गया है। पीसीएस जितेंद्र कुमार को देहरादून का नया अपर जिलाधिकारी और विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (CALA) नियुक्त किया गया।
बता दें कि शासन ने सभी 30 अधिकारियों को अपने वर्तमान पदभार से तत्काल कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

