RamayanaOscarEntry : रणबीर कपूर की ‘रामायण’ ऑस्कर की रेस में शामिल :- भारतीय सिनेमा के लिए 99वें अकादमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ के मेकर्स ने इसे ऑस्कर में विचार के लिए भेजा है. NDTV को एक्सक्लूसिव जानकारी मिली है कि फिल्म को एकेडमी अवॉर्ड्स की दौड़ में शामिल करने के लिए आवेदन किया गया है. खास बात यह है कि यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को ऑस्कर की इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत की आधिकारिक एंट्री चुना गया है।
आठ ऑस्कर जीत चुकी है फिल्म से जुड़ी VFX कंपनी
‘रामायण’ को ऑस्कर की दौड़ में भेजने के पीछे फिल्म से जुड़ी कंपनी का अनुभव भी खास है. फिल्म के निर्माण से जुड़ी VFX कंपनी हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों के लिए काम कर चुकी है और विजुअल इफेक्ट्स के क्षेत्र में आठ ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुकी है. ऐसे में जब इसी कंपनी के सामने अपने देश की संस्कृति और परंपरा से जुड़ी इतनी बड़ी फिल्म को अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले जाने का मौका हो, तो उसके निर्माता इस दिशा में कदम उठाने से पीछे क्यों रहते?
‘रामायण’ सिर्फ एक पौराणिक कहानी पर बनी फिल्म नहीं है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक विरासत और पहचान से भी जुड़ी है. जिस तरह हॉलीवुड ने ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ जैसी फिल्मों के जरिए अपनी काल्पनिक दुनिया और कहानियों को वैश्विक दर्शकों के सामने पेश किया, उसी तरह ‘रामायण’ को भी भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथाओं की भव्यता का जवाब माना जा रहा है।
ऐसे में फिल्म को ऑस्कर की दौड़ में शामिल करना उसके निर्माताओं के लिए सिर्फ एक अवॉर्ड की कोशिश नहीं, बल्कि भारतीय कहानी और सिनेमा को वैश्विक मंच पर पहुंचाने की दिशा में भी एक कदम है।
भारत की आधिकारिक एंट्री न होने के बावजूद ऑस्कर में जा सकती है फिल्म
भारत की तरफ से किसी एक फिल्म को आधिकारिक तौर पर भेजे जाने का मतलब यह नहीं है कि दूसरी भारतीय फिल्में ऑस्कर की दौड़ में शामिल नहीं हो सकतीं. एकेडमी के तय नियमों और पात्रता शर्तों को पूरा करने वाली कोई भी फिल्म स्वतंत्र रूप से विचार के लिए आवेदन कर सकती है. इसके लिए उसे भारत की आधिकारिक एंट्री चुने जाने की जरूरत नहीं होती।

