ElectronicPriceHike : जेब होगी ढीली – महंगे होंगे इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स :- आपके घर के सामान, जैसे TV, फ्रिज या AC यानी सभी इलेक्ट्रॉनिक चीजों की कीमतें बढ़ जाएंगी. साल 2026 में ये तीसरी बार है जब कंपनियां कीमतें बढ़ाने जा रही हैं. कंपनियां AC की कीमतें पांच से आठ प्रतिशत बढ़ाने वाली हैं जबकि बाकी कंपनियों ने वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजेटर और LED की कीमतों में 3-4 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. आम तौर पर दिवाली पास आ रही है, नवरात्रि भी आ रही है, और त्योहारों का मौसम है, तो लोग बहुत सी चीजें खरीदते हैं. लेकिन ऐसा लगता है कि इस बार कुछ लोग महंगाई की वजह से शिकायत करेंगे।
इंडस्ट्री सूत्रों के हवाले से पुष्टि हो रही है कि Blue Star, Godrej Appliances, Haier, Daikin, LG, Bosch और Super Plastronics (SPPL) जैसी दिग्गज कंपनियों ने अपने दाम बढ़ाने का आधिकारिक निर्णय ले लिया है. हैयर इंडिया जहां 1 अक्टूबर से एसी की कीमतें 5% बढ़ा रही है, वहीं एलजी और बॉश ने भी करीब 5% की बढ़ोतरी तय की है. हालांकि, पैनासोनिक जैसी कुछ कंपनियां फिलहाल बाजार की स्थिति का मूल्यांकन कर रही हैं।
क्यों बढ़ाई जा रही हैं कीमतें?
कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई व्यापक आर्थिक दबावों के कारण कीमतें बढ़ाना अब उनके लिए अपरिहार्य हो गया है।
कच्चे माल की महंगाई: एसी और टीवी निर्माण में प्रमुखता से इस्तेमाल होने वाले तांबा, एल्युमिनियम, स्टील और प्लास्टिक की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं।
भू-राजनीतिक संकट: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों पर माल ढुलाई का खर्च काफी बढ़ गया है।
करेंसी मार्केट में उतार-चढ़ाव: डॉलर के मुकाबले रुपये में आ रहे उतार-चढ़ाव ने विदेशी पार्ट्स के आयात को काफी महंगा कर दिया है।
ग्राहकों के लिए राहत: दिवाली तक मिलेगा पुराना स्टॉक
इस महंगाई के बीच उपभोक्ताओं के लिए एक राहत भरी खबर भी है. गोदरेज अप्लायंसेज के अनुसार, वर्तमान में डीलर्स और रिटेल स्टोर्स के पास पुरानी कीमतों पर खरीदा गया स्टॉक उपलब्ध है जो लगभग 1 से 1.5 महीने तक चल सकता है।
इसका मतलब यह है कि फेस्टिव सीजन की शुरुआत के दौरान ग्राहकों को पुराना सामान पुरानी एमआरपी (MRP) पर ही मिलेगा, जिस पर वे बैंक ऑफर्स और फेस्टिव डिस्काउंट का फायदा उठा सकेंगे. हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि असली महंगाई का असर दिवाली के तुरंत बाद दिखेगा, जब नया स्टॉक नई दरों के साथ बाजार में उतारा जाएगा. इसलिए समझदारी इसी में है कि अगर आप कोई बड़ा होम अप्लायंस खरीदने की सोच रहे हैं, तो त्योहारों के शुरुआती दिनों में ही अपनी खरीदारी पूरी कर लें।

