ऑनलाइन बनी गर्लफ्रेंड निकली पत्नी – पति के उड़े होश : मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नई नवेली दुल्हन ने अपने पति की असलियत जानने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और आखिरकार उसे रंगे हाथों पकड़ लिया.यह पूरा मामला ग्वालियर के माधौगंज थाना क्षेत्र का है. यहां रहने वाली 23 वर्षीय युवती की शादी 2023 में एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले युवक (नाम बदला हुआ) अतुल से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी को पति की गतिविधियों पर शक होने लगा.
पति की संदिग्ध हरकतों से बढ़ा शक
शादी के बाद अतुल अक्सर घंटों फोन पर बात करता और बात करने के लिए बाहर चला जाता साथ ही उसका मोबाइल हमेशा लॉक रहता था. देर रात तक सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना और घर से ज्यादा बाहर रहना पत्नी को खटकने लगा. जब पत्नी ने उससे सवाल किया तो जवाब मिला कि यह सब काम की वजह से हो रहा है.
फेक आईडी बनाकर रची पूरी साजिश
पति की हरकतों से तंग आकर पत्नी ने एक योजना बनाई. उसने अपनी बहन के नाम से एक नया सिम कार्ड खरीदा और एक फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाई. डीपी में एक आकर्षक लड़की की तस्वीर लगाई और अपने पति को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज दी.जैसे ही रिक्वेस्ट गई, अतुल ने उसे तुरंत स्वीकार कर लिया और दोनों के बीच घंटों बातचीत शुरू हो गई. करीब दो महीने तक दोनों चैट करते रहे. अतुल को यह जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह जिस “लड़की” से बात कर रहा है, असल में वह उसकी अपनी पत्नी है.
मिलने बुलाया और हो गया खुलासा
बातचीत बढ़ने के बाद पत्नी ने उस फेक प्रोफाइल से अतुल को रेस्टोरेंट में मिलने बुलाया. अतुल तुरंत मिलने को तैयार हो गया. तय दिन, तय समय पर जब वह लड़की से मिलने रेस्टोरेंट पहुंचा, तो सामने अपनी पत्नी को देखकर उसके होश उड़ गए.पहले तो अतुल ने झूठ बोलने की कोशिश की और कहा कि वह किसी क्लाइंट से मिलने आया है. लेकिन जब पत्नी ने चैटिंग की सारी बातें और स्क्रीनशॉट दिखाए, तो उसका झूठ पकड़ा गया. पत्नी ने साफ कहा कि जिससे वह इतने समय से बात कर रहा था, वह कोई और नहीं बल्कि वही है.
मामला महिला परामर्श केंद्र पहुंचा जहां काउंसलर महेंद्र शुक्ला ने दोनों की एक महीने तक काउंसलिंग की. कई दौर की बातचीत के बाद अंततः पति ने अपनी गलती स्वीकार की और आगे से ऐसा न करने का वादा किया.पत्नी की समझदारी और पुलिस की पहल से आखिरकार यह रिश्ता टूटने से बच गया और दोनों साथ में घर लौट गए.

