UttarakhandPolitics : भाजपा ने निकाली लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा :- उधमसिंह नगर जनपद के रुद्रपुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में हजारों की संख्या में लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस रैली में मातृशक्ति, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पदयात्रा के दौरान वक्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और मतदाता सूची की शुचिता को बनाए रखने का पुरजोर संकल्प व्यक्त किया। पदयात्रा के बाद आयोजित जनसभा में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन की नीतियों पर तीखे हमले बोले:
विकास से विचलित कांग्रेस: नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भारत के बदलते स्वरूप और अविरल विकास धारा से घबराकर कांग्रेस पूरी तरह विचलित हो चुकी है। वक्ताओं ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता खोने की तड़प में कांग्रेस की स्थिति ‘बिना पानी की मछली’ जैसी हो गई है। जब भी चुनाव परिणाम इनके खिलाफ आते हैं, ये लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं।
संबोधन में राष्ट्रीय सुरक्षा और राज्य के डेमोग्राफिक बदलाव के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया:
मतदाता सूची की शुचिता: नेताओं ने स्पष्ट किया कि देश की मतदाता सूची की शुचिता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। देवभूमि उत्तराखंड के मूल स्वरूप को बचाए रखने के लिए अवैध घुसपैठियों को बाहर करना और मतदाता सूचियों को स्वच्छ बनाना बेहद जरूरी है। घुसपैठियों के वोट बैंक पर हो रही सख्त कार्रवाई के कारण ही कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन में छटपटाहट दिख रही है।
इस विशाल पदयात्रा और जनसभा में पार्टी के कई शीर्ष नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, लोकसभा सांसद अजय भट्ट, प्रदेश सह-प्रभारी अरविंद मेनन, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक प्रदीप बत्रा, अरविंद पांडे, शिव अरोड़ा, त्रिलोक सिंह चीमा, इसके अलावा पार्टी के कई सम्मानित पदाधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

