NearDeathExperience : क्या सच में दूसरी दुनिया होती है? :- मरने के बाद इंसान कहां जाता है? क्या आत्मा शरीर छोड़कर किसी दूसरी दुनिया में पहुंच जाती है? या फिर मौत के बाद सब कुछ अंधेरे में खो जाता है? ये ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब आज भी रहस्य बना हुआ है. इसी बीच 19 साल के एक युवक की कहानी चर्चा में है, जिसे ड्रग्स के ओवरडोज के बाद करीब 15 मिनट तक क्लिनिकली डेड बताया गया. जब उसे होश आया, तो उसने अपने अनुभव के बारे में कुछ ऐसा बताया, जिसने लोगों को हैरान कर दिया।
शरीर बेजान, लेकिन क्या दिमाग कर रहा था काम?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवक ड्रग्स के ओवरडोज का शिकार हो गया था. उसकी सांसें रुक गई थीं और हालत बेहद गंभीर हो गई थी. ऐसे में उसके भाई ने उसे बचाने के लिए CPR देना शुरू किया. इसके बाद डॉक्टरों ने भी उसे बचाने की पूरी कोशिश की और आखिरकार उसकी धड़कन वापस आ गई. हालांकि, युवक को पूरी तरह ठीक होने में काफी समय लगा. वह करीब 3 से 4 हफ्ते तक कोमा में रहा. होश में आने के बाद उसने अपने उस अनुभव के बारे में बताया, जिसे लोग मौत के करीब पहुंचने का अनुभव यानी नियर-डेथ एक्सपीरियंस कहते हैं।
न सफेद रोशनी दिखी, न भगवान के दर्शन!
आमतौर पर फिल्मों और कहानियों में दिखाया जाता है कि मौत के बाद इंसान को तेज सफेद रोशनी दिखाई देती है या वह किसी स्वर्ग जैसे स्थान पर पहुंच जाता है. लेकिन युवक का अनुभव इससे बिल्कुल अलग था. उसके मुताबिक, उसे न तो कोई चमकदार रोशनी दिखाई दी और न ही भगवान या स्वर्ग जैसा कुछ नजर आया. इसके बजाय उसे गहरे अंधेरे और सन्नाटे में खो जाने जैसा महसूस हुआ. दूसरी तरफ, उसका शरीर बेजान पड़ा था और उसका भाई उसे बचाने की कोशिश कर रहा था. उसके अनुभव का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह था कि उसे खुद इस बात का एहसास नहीं था कि वह जिंदगी और मौत के बीच की स्थिति में पहुंच चुका है।
इस घटना ने एक बार फिर मौत के बाद की जिंदगी को लेकर बहस छेड़ दी है. हालांकि, ऐसे अनुभवों को आत्मा के शरीर छोड़ने या किसी दूसरी दुनिया में जाने का वैज्ञानिक प्रमाण नहीं माना जाता. गंभीर ऑक्सीजन की कमी, दिमाग की गतिविधियों में बदलाव और बेहोशी जैसी स्थितियां भी असामान्य अनुभवों से जुड़ी हो सकती हैं.फिलहाल, युवक की कहानी एक रहस्यपूर्ण अनुभव के तौर पर लोगों का ध्यान खींच रही है. लेकिन मौत के बाद वास्तव में क्या होता है, इसका पुख्ता जवाब आज भी इंसान के सबसे बड़े अनसुलझे सवालों में से एक है।

