AnukritiGusainBJPSpokesperson : भाजपाई बहु अनुकृति से क्या कांग्रेसी ससुर हरक को पड़ेगा फ़रक ? :- 28 अगस्त , अचानक उत्तराखंड कांग्रेस के चर्चित नेता हरक की बहू अनुकृति सुर्ख़ियों में आ गयी है। वजह है उत्तराखंड बीजेपी की एक लिस्ट जिसमें विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए संगठन में आठ प्रवक्ताओं की सूची जारी की है।
इस लिस्ट में कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। अनुकृति गुसाईं कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की बहू हैं। हरक कांग्रेस में चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और चुनाव से पहले बीजेपी पर जमकर बयानबाजी कर रहे हैं।
ऐसे में जब चुनाव करीब है तो बीजेपी ने अनुकृति को प्रवक्ता बनाकर उनके ससुर और बयानवीर हरक को नई चुनौती दी है। आपको बता दें कि अनुकृति को मॉडलिंग से राजनीति में लाने का श्रेय ससुर हरक को ही जाता है।
वह मिस इंडिया ग्रैंड इंटरनेशनल और मिस एशिया पैसिफिक इंटरनेशनल रहीं हैं। हरक सिंह 2022 के चुनाव से पहले बीजेपी में थे।उस समय हरक बीजेपी सरकार में कैबिनेट मंत्री थे, चुनाव से पहले हरक ने अनुकृति को बी बीजेपी से लैंसडाउन सीट से टिकट दिलवाने के लिए दबाव बनाया, लेकिन बीजेपी ने इनकार कर दिया। इसके बाद हरक बहू अनुकृति के साथ कांग्रेस में चले गए।
लेकिन चुनाव के बाद अनुकृति फिर बीजेपी में आ गई। पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और दीप्ति रावत के बेटे तुषित रावत के साथ अनुकृति की शादी हुई थी। वर्ष 2018 में शादी से पहले से ही रावत और गुसाईं परिवार के बीच पारीवारिक रिश्ता था।
अनुकृति लैंसडाउन में हरक सिंह रावत का चुनाव प्रचार संभालती रही थीं।बीते मंगलवार को बीजेपी ने आठ नए प्रवक्ताओं की लिस्ट जारी की। इसमें रविंद्र जुगरान, राजेश शुक्ला, सुरेश तिवारी, शादाब शम्स, विश्वजीत नेगी, सत्यवीर चौहान, मनोज जखमोला और अनुकृति गुसाईं को शामिल किया गया है।
दिलचस्प है कि अनुकृति 2022 के चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर लैंसडाउन सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। इसके बाद लोकसभा चुनाव के दौरान अप्रैल 2024 में बीजेपी ज्वाइन की थी।

