Theftgangbusted : टोटके के नींबू मिर्च बेचने वाले निकले लुटेरे :- लोगो को टोटके से बचाने को काम आने वाले नींबू, मिर्ची बेचने के बहाने राजधानी के अलग-अलग क्षेत्र में घूम बंद घरो की रेकी करने सहित सीसीटीवी की लोकेशन पहचान मौका देख घरो पर हाथ साफ करने वाले एक सपेरा जनजाति गिरोह के 3 अभियुक्तो को डोईवाला पुलिस ने धरा है।
अभियुक्त इतने शातिर थे कि भीड़भाड़ वाले समय ही चोरी करने को मूवमेंट करते थे जिससे सीसीटीवी में वह आसानी से चिन्हित न हो सके। पुलिस ने अभियुक्तो से डोईवाला क्षेत्र में हुई चोरी समेत रानीपोखरी के एक घर मे हुई चोरी का माल भी बरामद किया है।
बीती 14 मार्च को कोतवाली डोईवाला पुलिस में हर्रावाला निवासी वादी अमीष यादव ने शिकायत दी कि वह अपने परिवार सहित बल्लीवाला देहरादून शादी में गये थे। शादी के बाद जब वापस घर लौटे तो देखा कि आज्ञात चोरों द्वारा उनके घर के ताले तोड़कर घर में रखे सोने व चांदी के जेवरात चोरी कर लिये हैं। वादी की शिकायत पर डोईवाला पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।पुलिस टीम द्वारा वादी के घर व उसके आसपास लगे सभी लगभग 475 सीसीटीवी कैमरे जांचे व फुटेज से संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर उनकी डिटेल्स निकालनी शुरू की।
छानबीन के आधार पर पुलिस द्वारा घटना में शामिल 3 अभियुक्तो- 1- कुनाल , अलकित , नितिन को बिंडलास रेजीडेन्सी रिवर वैली, हर्रावाला के पास से वादी के घर से चोरी किये गये माल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया कि वे सपेरा जनजाति के हैं, जो घिस्सुपुरा, पथरी, जनपद हरिद्वार से भानियावाला, रानीपोखरी, हर्रावाला आदि क्षेत्रों में टोटके वाले नींबू, मिर्ची बेचने के बहाने घूमते रहते है तथा इस दौरान बंद घरों की रेकी कर बंद घरो को चिन्हित करते है। साथ ही उन क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी करते हुए उस अनुसार चोरी की प्लानिंग करते है।
पुलिस के अनुसार वर्तमान में अधिकतर जगहों पर सीसीटीवी कैमरे होने के कारण अभियुक्त घटनास्थल तक जाने के लिए उस समय को तय करते हैं जब सड़क पर आवाजाही ज्यादा होती है, जिससे सीसीटीवी फुटेज में दिखने पर भी कोई उन पर आसानी से शक न कर सके। अभियुक्तो से पूछताछ में उनके द्वारा रानीपोखरी क्षेत्र मे भी चोरी की घटना को अंजाम देने की जानकारी भी दी गयी है , अभियुक्तो के पास से बरामद माल में एक चांदी का छत्र रानीपोखरी घटना से संबंधित मिला है।

