KhelMahakumbh2026 : ‘खेल महाकुंभ में चमकेंगे पहाड़ के सितारे :- राज्य में उभरती खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए आगामी 1 सितंबर से ‘खेल महाकुंभ 2026 – मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी’ का आगाज होने जा रहा है। न्याय पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित होने वाले इस भव्य खेल महोत्सव में प्रदेश भर के युवा खिलाड़ी अपना हुनर दिखाएंगे। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऑनलाइन समीक्षा बैठक कर सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियाँ पूरी करने के कड़े निर्देश दिए।
खेल महाकुंभ का आयोजन चार अलग-अलग चरणों में किया जाएगा:
न्याय पंचायत स्तर: 1 सितंबर से 10 सितंबर 2026
विधानसभा स्तर: 11 सितंबर से 20 सितंबर 2026
संसदीय क्षेत्र स्तर: 21 सितंबर से 30 सितंबर 2026
राज्य स्तर (फाइनल चरण): 1 अक्तूबर 2026 से प्रारंभ
इस महाकुंभ में अंडर-14 तथा अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा ले सकेंगे। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए पारंपरिक एवं आधुनिक दोनों तरह के खेलों को शामिल किया गया है:
मार्शल आर्ट्स एवं कॉम्बैट स्पोर्ट्स: बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे.
टीम एवं मैदानी खेल: कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स.
रैकेट एवं इंडोर स्पोर्ट्स: बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज.
अन्य स्पोर्ट्स: तीरंदाजी.
खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच दिलाना लक्ष्य
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों से कहा कि “खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का जरिया नहीं हैं, बल्कि ये अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और धैर्य जैसे जीवन मूल्यों के विकास का आधार हैं। पिछले वर्षों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की प्रगति का विश्लेषण किया जाए और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए विशेष रूप से तैयार किया जाए।

