Oscars2027 : ऑस्कर के लिए चुनी गई मराठी फिल्म ‘गोंधल :- ऑस्कर 2027 यानी 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स में संतोष दवखर की फिल्म ‘गोंधल’ को ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म’ कैटेगरी के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है. मराठी सिनेमा के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि है. फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने शुक्रवार को इस चयन की घोषणा की है।
सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म कैटेगिरी
संतोष डावखर द्वारा लिखित और निर्देशित ये फिल्म ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसकी कहानी एक न्यूली मैरिड कपल से जुड़ी पारंपरिक रस्म वाली एक रात के इर्द-गिर्द घूमती है. चयन समिति के अध्यक्ष पी. शेषाद्रि ने कहा कि 33 फिल्मों की सूची में से इस फिल्म को 99वें एकेडमी पुरस्कारों की सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है।
शेषाद्रि ने कहा कि इस साल हमारे पास चार मराठी फिल्में, 14 हिंदी और अन्य फिल्में थीं. सभी फिल्में अच्छी थीं और यह भारतीय सिनेमा और मराठी सिनेमा के लिए खुशी का पल है. इस बार आधिकारिक प्रविष्टि ‘गोंधल’ है.उन्होंने कहा कि हमने पिछले दस दिनों में अलग-अलग भाषाओं की 33 फिल्में देखीं. कई अन्य अच्छी फिल्मों को लेकर भी हम चर्चा कर रहे थे. फिल्म ‘गोंधल’ के अलावा ‘अंग’ और ‘इक्कीस’ शीर्ष तीन फिल्मों की सूची में थीं।
‘गोंधल’ का वर्ल्ड प्रीमियर 2025 में गोवा में आयोजित 56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में हुआ था. डावखर ने इस महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का ‘सिल्वर पीकॉक’ पुरस्कार प्राप्त किया था. ग्रामीण महाराष्ट्र में होने वाले पारंपरिक गोंधल नृत्य के मध्यरात्रि के उत्सव की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म सुमन नामक महिला की कहानी है, जो अपनी मर्जी के खिलाफ हुई शादी से बेहद घुटन महसूस करती है, वो अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या और भागने की साजिश रचती है।

