CBFC : सेंसर बोर्ड में 18 दिग्गजों की एंट्री :- केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) का पुनर्गठन कर दिया गया है. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 18 सदस्यों की नई सूची जारी की है. CBFC यानी सेंसर बोर्ड की नई सूची में बॉलीवुड के कई चर्चित कलाकारों के साथ फिल्म निर्माता, संगीतकार, लेखक और रंगमंच से जुड़े नाम भी शामिल हैं. अभिनेत्री प्रीति जिंटा, अभिनेता पंकज त्रिपाठी और सुनील शेट्टी के अलावा मशहूर फिल्मकार प्रियदर्शन और संगीतकार रिकी केज को भी नए बोर्ड में जगह दी गई है. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बुधवार 16 सितंबर को इन नियुक्तियों की घोषणा की. मंत्रालय के मुताबिक, नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी और तीन साल तक या अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगी. इनमें से जो भी पहले होगा, उसके आधार पर नियुक्तियों की अवधि तय होगी।
नए बोर्ड में अभिनेता मनोज जोशी, प्रोसेनजीत चटर्जी, पल्लवी जोशी, रूपाली गांगुली और निशिगंधा वाड भी शामिल हैं. इनके अलावा फिल्म निर्माता अभिषेक जैन और नीला माधब पांडा को भी बोर्ड का सदस्य बनाया गया है. निर्माता सुप्रिया यारलागड्डा भी नई सूची का हिस्सा हैं. गायक विनोद अनुपम, लेखक एवं कवि यतींद्र मिश्र, रंगमंच से जुड़े वामन केंद्रे और रमेश पतांगे को भी 18 सदस्यीय बोर्ड में शामिल किया गया है. नई सूची में कुल पांच महिला सदस्य हैं. बोर्ड में फिल्म और टेलीविजन के साथ-साथ संगीत, साहित्य और रंगमंच से जुड़े लोगों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है. इस तरह नई टीम में मनोरंजन और कला के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े अनुभवी चेहरों को शामिल किया गया है।
मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, CBFC बोर्ड का पुनर्गठन सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 की धारा 3(1) और सिनेमैटोग्राफ (सर्टिफिकेशन) नियम, 2024 के नियम 3 के तहत किया गया है. CBFC भारत में सार्वजनिक प्रदर्शन से पहले फिल्मों की जांच और प्रमाणन की प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार संस्था है. हालांकि, मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी में नए बोर्ड के सदस्यों के नाम तो बताए गए हैं, लेकिन अध्यक्ष के पद पर किसी नियुक्ति की घोषणा नहीं की गई है. साथ ही यह भी साफ नहीं किया गया है कि पिछली बोर्ड में शामिल किन सदस्यों को नए बोर्ड में बरकरार रखा गया है।

