UttarakhandHeatwave : 40 के पार जाएगा पारा – भीषण गर्मी का अलर्ट :- उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र में गर्मी लगातार अपना रौद्र रूप दिखा रही है। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। वहीँ देहरादून की सड़कों पर आग झुलसा रही है तो गर्म हवाएं कमरों में भी बेचैन कर रही है। उत्तराखंड में खासकर मैदानी क्षेत्रों में सूरज की तेज तपिश और गर्म हवाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
मंगलवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 0.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने आने वाले एक सप्ताह तक मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना जताई है। अनुमान है कि अगले 7 दिनों तक 6 शहरों देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी, रुद्रपुर, ऋषिकेश, रुड़की आसपास के क्षेत्रों में तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि उत्तराखंड के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई मैदानी जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके साथ ही तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। विशेष रूप से हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में भी अब तेज धूप और गर्मी महसूस की जा रही है। हालांकि सुबह और शाम के समय मौसम अभी भी सुहावना बना हुआ है। हल्की हवाएं चलने से लोगों को उमस से कुछ राहत मिल रही है।

