USPanditFees : अमेरिका में पंडित जी की फीस सुन उड़े होश :- अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय महिला के वीडियो ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. इस वीडियो में उन्होंने बताया कि अमेरिका में हिंदू पूजा कराने वाले पंडित जी कितनी फीस लेते हैं. जैसे ही लोगों ने रकम सुनी, कई लोग हैरान रह गए, जबकि कुछ ने इसे सही ठहराया. अब यह मामला इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है।
अमेरिका में कितना कमाते हैं पंडित जी?
अमेरिका में रहने वाली कंटेंट क्रिएटर सरिका यादव ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया. उन्होंने बताया कि अमेरिका में एक साधारण सत्यानारायण पूजा के लिए पंडित जी 300 से 350 डॉलर तक फीस लेते हैं, जो भारतीय रुपये में करीब 28 हजार से 33 हजार के बीच होती है. अगर पूजा मंदिर में कराई जाए तो अलग से 100 से 150 डॉलर यानी लगभग 10 से 15 हजार रुपये का खर्च भी जुड़ जाता है।
पूजा के सामान का भी अलग खर्च
सरिका ने यह भी बताया कि पूजा के लिए जरूरी सामान या तो परिवार खुद जुटाता है या फिर पंडित जी को इसके लिए अलग से पैसे देने पड़ते हैं. इसके अलावा गृह प्रवेश, धनतेरस, सावन जैसे खास मौकों पर पंडितों की मांग काफी बढ़ जाती है. नई गाड़ी खरीदने पर पूजा कराने के लिए भी अलग से फीस ली जाती है.वीडियो में यह भी बताया गया कि कई पंडित जी अमेरिका जाने के लिए R-1 वीजा का इस्तेमाल करते हैं. यह वीजा खास तौर पर धार्मिक कार्य करने वालों के लिए होता है. इसके लिए उन्हें धार्मिक शिक्षा और कुछ जरूरी शर्तों को पूरा करना होता है ।
अच्छी कमाई लेकिन मेहनत भी ज्यादा
सरिका यादव ने कहा कि इस काम में मेहनत और संघर्ष दोनों होते हैं, लेकिन अमेरिका जाकर पंडितों को अच्छी कमाई और बेहतर जिंदगी मिलती है. उन्होंने बताया कि वहां उनकी काफी डिमांड रहती है.वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग राय सामने आई।
कुछ लोगों ने कहा कि डॉलर को रुपये में बदलकर देखना गलत है, क्योंकि अमेरिका में रहने का खर्च भी ज्यादा होता है. एक यूजर ने लिखा, “400 डॉलर पूजा के लिए ज्यादा नहीं है, वहां का खर्च भी देखना चाहिए.” वहीं कुछ लोगों ने मजाक में लिखा, “अब तो इंजीनियरिंग छोड़कर पंडित बनना पड़ेगा।

