KanwarYatra2026 : कांवड़ मेले की कमान सुपर जोनल, जोनल , सेक्टर मजिस्ट्रेट के हवाले :- श्रावण कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन एवं 141 सेक्टरों में विभाजित करते हुए सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र में पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, घाटों की व्यवस्था, कांवड़ मार्गों की सुचारु स्थिति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करेंगे।
किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। सभी अधिकारी मेला अवधि के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार उपस्थित रहेंगे तथा नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। मेला क्षेत्र में कानून व्यवस्था, सुरक्षा एवं सुविधाओं के संबंध में किसी भी शिकायत का तत्काल निस्तारण किया जाए। सभी सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण कांवड़ मेला प्रदेश की आस्था का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। ऐसे में सभी अधिकारी टीम भावना, संवेदनशीलता एवं पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए देशभर से आने वाले करोड़ों शिवभक्त कांवड़ियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि श्रावण कांवड़ मेला-2026 का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन संपन्न हो।

