UttarakhandNews : बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य हो – मुख्यमंत्री :- प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और आगामी दिनों के लिए जारी मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से वार्ता कर प्रदेश के विभिन्न जनपदों की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने संभावित आपदा की किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्य की सभी आपदा प्रबंधन एवं राहत एजेंसियों को पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने निर्देश दिए हैं कि राज्य आपदा प्रतिवादन बल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल, जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ हाई अलर्ट पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी रखी जाए, नदी-नालों के जल स्तर पर सतत दृष्टि बनाए रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चौबीसों घंटे सक्रिय रहें तथा प्रत्येक घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में जनहानि को रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी अधिकारी पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा देहरादून, चमोली एवं बागेश्वर जनपदों में ऑरेंज अलर्ट तथा राज्य के शेष जनपदों में यलो अलर्ट है. मौसम विभाग द्वारा कुछ स्थानों पर तीव्र वर्षा, आकाशीय बिजली तथा तेज हवाओं की आशंका व्यक्त की गई है।
ऐसी परिस्थितियों में सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा प्रदेश भर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

