DehradunDM : “ई-ऑफिस में ढिलाई बर्दाश्त नहीं – डॉ. आशीष चौहान , जिलाधिकारी :- देहरादून में ई-ऑफिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन, तकनीकी चुनौतियों और कार्यों के डिजिटल निस्तारण की प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जनपद के लगभग सभी शासकीय कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है और अधिकांश विभागों में पत्रावलियों का निस्तारण डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है।इससे कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ी है, समयबद्ध निस्तारण संभव हुआ है तथा ऑनलाइन निगरानी भी आसान हुई है।
तकनीकी टीम को निर्देश
समीक्षा के दौरान कुछ विभागों ने ऑनलाइन कार्य निष्पादन और रिपोर्टिंग में तकनीकी दिक्कतों की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने आईटीडीए की तकनीकी टीम को तत्काल समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य सरकारी कार्यों को तेज, पारदर्शी और पूरी तरह पेपरलेस बनाना है। इसलिए सभी विभाग तकनीकी बाधाओं को दूर करते हुए ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करें।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी पत्रावलियों का संचालन एवं निस्तारण ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाए तथा लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर संबंधित तकनीकी टीम के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल उसका समाधान कराया जाए, ताकि सरकारी कार्यों की गति प्रभावित न हो।
बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा, आईटीडीए की तकनीकी टीम के आशीष, दीक्षा और विवेक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

