India Loss : भारत का किला ढहा, साउथ अफ्रीका ने किया 2-0 क्लीन स्वीप : – भारत का किला ढहा, साउथ अफ्रीका ने किया 2-0 क्लीन स्वीप भारतीय क्रिकेट इतिहास का ऐसा दिन… जिसे फैंस शायद ही कभी भूल पाएंगे। गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट में वो हुआ, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी। टीम इंडिया (Team India) , जो वर्षों से घरेलू मैदान पर ‘अजेय’ मानी जाती थी… साउथ अफ्रीका के सामने पूरी तरह बिखर गई।
बड़ी अपडेट एक क्लिक में :- Sholay 4K Re-Release : धर्मेंद्र को भावुक श्रद्धांजलि |
साउथ अफ्रीका ने भारत को 408 रन से हराकर न सिर्फ मैच जीता, बल्कि 2-0 से टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप भी किया। और इसके साथ उन्होंने 25 साल पुराना इतिहास दोहराया—भारत को घर में क्लीन स्वीप करने वाली अकेली टीम बनकर।
पहला झटका: SA की पहली पारी में 489 रन
साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और 489 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया, इस पारी के हीरो रहे सेनुरन मुथुसामी (Senuran Muthusamy) , जिन्होंने बनाए 109 रन—ये उनके करियर का पहला शतक था. इसके अलावा मार्को यानसेन 93 रन पर आउट हुए, भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 4 विकेट निकाले, लेकिन बाकी गेंदबाज फीके रहे।
भारत की पहली पारी—पूरी टीम सिर्फ 201 पर ढेर
भारतीय बल्लेबाज SA के गेंदबाजों के सामने टिक ही नहीं पाए. सिर्फ यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने 58 रन और सुंदर ने 48 रन बनाए, यानसेन ने 6 विकेट लेकर भारत को घुटनों पर ला दिया, और साउथ अफ्रीका को 288 रन की लीड मिली।
दूसरी पारी में फिर बिखरी टीम इंडिया
साउथ अफ्रीका ने दूसरी पारी 260/9 पर घोषित कर भारत को 549 रन का लक्ष्य दिया. लेकिन भारत की दूसरी पारी भी बेहद निराशाजनक रही और पूरी टीम 140 रन पर ढेर हो गई. 408 रन से भारत की यह रनों के अंतर से सबसे बड़ी घरेलू हार बन गई।
बड़ी अपडेट एक क्लिक में :- Secret Superstar: 15 Crore से 912 Crore!
कोच गंभीर पर उठे सवाल
भारत की लगातार टेस्ट हार के बाद कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, आलोचकों का आरोप है कि गंभीर टेस्ट क्रिकेट को टी20 की तरह देख रहे हैं और लगातार स्पेशलिस्ट बल्लेबाजों की जगह ऑलराउंडर्स पर ज्यादा भरोसा कर रहे हैं. गंभीर के कार्यकाल में भारत घर में 8 में से 4 टेस्ट हार चुका है—यह बेहद चिंताजनक आंकड़ा है।
निराशाजनक बल्लेबाजी—एकमात्र चमक यशस्वी
इस पूरी सीरीज में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह फेल रही. यशस्वी जायसवाल एकमात्र खिलाड़ी रहे जिन्होंने संघर्ष दिखाया. बाकी सभी आलोचना के घेरे में आ गए—केएल राहुल, शुभमन गिल, ध्रुव जुरैल… सबका प्रदर्शन बेहद खराब रहा।
408 रन की करारी शिकस्त, घरेलू किलों के ढहने और लगातार हार ने भारत को सोचने पर मजबूर कर दिया है. अगर WTC फाइनल की दौड़ में बने रहना है… तो बल्लेबाजी, टीम चयन और रणनीतियों में बड़े बदलाव करना होंगे।

