UttarakhandSIR : देहरादून में कटे सबसे ज्यादा 4.84 लाख वोट :- उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान मतदाताओं की संख्या में बड़ा बदलाव सामने आया है। चुनाव विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 6 जनवरी 2025 से 13 अगस्त 2026 के बीच प्रदेश की मतदाता सूची से 17,05,130 नाम हटाए गए, जबकि इसी अवधि में 4,34,620 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 जुलाई 2026 को आधार तिथि मानते हुए प्रदेश में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं।
देहरादून में सबसे ज्यादा 4.84 लाख नाम हटे
जिलावार आंकड़ों में सबसे बड़ा बदलाव देहरादून में देखने को मिला। यहां 4,84,598 मतदाताओं के नाम हटाए गए, जबकि 1,00,559 नए मतदाता जुड़े। इस बदलाव के बाद देहरादून में मतदाताओं की संख्या घटकर 11,94,797 रह गई। वहीं, पहले सबसे ज्यादा मतदाताओं वाला देहरादून अब हरिद्वार के बाद दूसरे स्थान पर है।
हरिद्वार बना सबसे ज्यादा मतदाताओं वाला जिला
हरिद्वार में इस अवधि के दौरान 3,31,875 नाम हटाए गए, जबकि 90,908 नए मतदाता सूची में शामिल हुए। इसके बाद जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 12,45,458 हो गई। इस तरह हरिद्वार अब उत्तराखंड में सबसे अधिक मतदाताओं वाला जिला है।
यूएस नगर में भी तीन लाख से ज्यादा नाम हटे
ऊधमसिंह नगर में भी मतदाता सूची में बड़ा बदलाव हुआ। यहां 3,03,620 नाम हटाए गए, जबकि 84,076 नए मतदाता जुड़े। SIR के बाद जिले में कुल 11,47,030 मतदाता रह गए हैं। इसके अलावा नैनीताल में 1,70,703, पौड़ी में 84,337, अल्मोड़ा में 83,298 और टिहरी में 66,498 नाम हटाए गए।

