GautamGambhir : गौतम गंभीर को लेकर अफवाहों पर BCCI का बड़ा बयान :- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को लेकर चल रही तमाम अफवाहों पर आखिरकार बड़ा बयान दे दिया है। पिछले कुछ दिनों से मीडिया में लगातार यह चर्चा थी कि टेस्ट क्रिकेट में खराब प्रदर्शन के बाद बोर्ड गंभीर की जगह किसी नए कोच की तलाश कर रहा है। इन खबरों में वीवीएस लक्ष्मण का नाम भी सामने आ रहा था, लेकिन अब BCCI ने इन सभी अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
बड़ी अपडेट एक क्लिक में :- EpsteinFiles : जब फाइल खुली, तो सत्ता हिल गई
BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ तौर पर कहा है कि गौतम गंभीर को हटाने को लेकर बोर्ड के पास कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि मीडिया में जो भी बातें चल रही हैं, वे पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। शुक्ला के मुताबिक, बोर्ड कोचिंग स्टाफ से संतुष्ट है और फिलहाल किसी भी तरह के बदलाव पर विचार नहीं किया जा रहा है।
इससे पहले BCCI सचिव देवजीत सैकिया भी इन खबरों को नकार चुके हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि टेस्ट टीम के कोच को बदलने को लेकर न तो कोई चर्चा हुई है और न ही कोई फैसला लिया गया है। सैकिया ने इसे महज अफवाह बताया और कहा कि बोर्ड का इन रिपोर्ट्स से कोई लेना-देना नहीं है।
दरअसल, हाल के टेस्ट नतीजों ने इन अटकलों को हवा दी थी। भारत को पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा और फिर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 0-2 से क्लीन स्वीप झेलनी पड़ी। इन हारों के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की राह भी मुश्किल हो गई, जिससे सवाल उठने लगे।
लेकिन अब BCCI का पूरा ध्यान टेस्ट क्रिकेट से हटकर आगामी T20 वर्ल्ड कप पर है। फरवरी से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपने खिताब की रक्षा करने उतरेगी। इस बार टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी और यह टूर्नामेंट इसलिए भी खास होगा क्योंकि लंबे समय बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
ग्रुप ए में भारत का मुकाबला पाकिस्तान, नीदरलैंड, नामीबिया और अमेरिका से होगा। घरेलू परिस्थितियों में युवा टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। ऐसे में गौतम गंभीर की रणनीति और अनुभव टीम इंडिया के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है।

