September2026BollywoodReleases : सितम्बर 2026 में रिलीज होंगी धुआंधार फ़िल्में :- अगस्त का महीना बीत चुका है और अब 2026 साल के 9वें महीने में एंट्री ले रहा है। सितम्बर बॉक्स ऑफिस के लिए बड़ा साबित होने जा रहा है। क्योंकि इस महीने में कई मोस्ट अवैटेड और चर्चित फ़िल्मे रिलीज हो रही हैं। सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं साउथ इंडियन सिनेमा और हॉलीवुड की भी कई फ़िल्में भी सितम्बर में दस्तक देंगी। खास बात यह है कि ‘रामायण’ पर बनी एक फिल्म भी इस महीने आ रही है, जिसमें माता सीता का किरदार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा निभा रही हैं। कुछ तारीख पर बड़े क्लैश भी देखने को मिले सकते हैं।
सितम्बर 2026 में रिलीज हो रहीं बड़ी फ़िल्में:- भारत में सितंबर कई रोमांचक फिल्में लेकर आ रहा है. सितंबर के पहले हफ्ते में पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु और अली फजल की बहुप्रतीक्षित ‘मिर्जापुर: द मूवी’ रिलीज हो रही है. करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन जंगली पिक्चर्स द्वारा प्रोड्यूस की गई मेघना गुलजार की ‘दायरा’ भी सितंबर में रिलीज हो रही है. ऐसी कई फिल्में हैं, जो सितंबर महीने में दर्शकों को एंटरटेन करने आ रही हैं. तो चलिए सितंबर 2026 में बॉलीवुड थिएटर में रिलीज होने वाली फिल्मों पर एक नजर डालते हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’
गुरमीत सिंह की क्राइम ड्रामा फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को थिएटर में रिलीज हो रही है. फिल्म में पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु और अली फजल कालीन भैया, मुन्ना भैया और गुड्डू भैया के रोल में वापस आ रहे हैं, वहीं सीरीज की पुरानी कास्ट भी वापसी कर रही है. यह फिल्म मिर्जापुर के पहले सीजन पर आधारित है, लेकिन बड़े पर्दे के लिए कहानी में बदलाव किया गया है. रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मालिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, सोनल एस. चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह फिल्म में अहम रोल में हैं।
‘जीवन भीमा योजना’
अरशद वारसी अपने करियर में पहली बार आने वाली हिंदी क्राइम कॉमेडी थ्रिलर फिल्म ‘जीवन भीमा योजना’ में डबल रोल करते दिखेंगे. फिल्म को अभिषेक डोगरा ने डायरेक्ट किया है, जिन्होंने पहले ‘डॉली की डोली’ और ‘फ्राईडे’ बनाई थीं. इसमें संजीदा शेख, विजय राज, पूजा चोपड़ा और बिजेंद्र काला भी हैं. यह फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ से टकराएगी।
‘हैवान’
प्रियदर्शन की ‘हैवान’ में अक्षय कुमार और सैफ अली खान लीड रोल में है. फिल्म में अंधेरी और डरावनी दुनिया में, एक रोमांचक चूहे-बिल्ली का खेल तैयार किया गया है. सैफ एक अंधे आदमी हैं जो अक्षय से लोहा ले रहे हैं. बोमन ईरानी फिल्म में जज के तौर पर शामिल होंगे और सैयामी खेर एक पुलिस वाले का रोल कर रही हैं. श्रिया पिलगांवकर और शारिब हाशमी अहम रोल में दिखेंगे. हैवान 11 सितंबर को थिएटर में रिलीज होगी।
‘दायरा’
मेघना गुलजार तलवार की आगामी फिल्म ‘दायरा’ में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन लीड रोल में हैं. यह फिल्म जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज़ के बीच पहली कोलेबोरेशन है सच्ची घटनाओं से प्रेरित, दायरा को यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने लिखा है. फिल्म एक दिलचस्प कहानी होने का वादा करती है जहां सच्चाई, न्याय और जवाबदेही एक-दूसरे से मिलते हैं. यह 18 सितंबर को रिलीज होगी।
‘वाइब’
‘दायरा’ को टक्कर देने के लिए कुणाल खेमू की फिल्म ‘वाइब’ भी 18 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है. खेमू इस फिल्म के साथ डायरेक्टर की कुर्सी पर लौट रहे हैं, साथ ही फिल्म में एक्टिंग भी कर रहे हैं और इसे लिख भी रहे हैं. प्रीति जिंटा और स्पर्श श्रीवास्तव के साथ, यह फिल्म एक एक्शन-एडवेंचर कॉमेडी है जो दो दोस्तों की जिंदगी में एक अनचाहा मोड़ लेती है॥
‘द वन – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’
एक पुराने जंगल के रहस्यमयी बैकग्राउंड पर बनी ‘द वन – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में दर्शकों को पौराणिक कथाएं और एडवेंचर देखने को मिलेगा. सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारिंग फिल्म को बालाजी मोशन पिक्चर्स ने टीवाईएफ और 11.11 प्रोडक्शन के साथ मिलकर पेश किया है, जो बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की एक ब्रांच है. आने वाली इस फिल्म को शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने सपोर्ट किया है. फिल्म को अरुणाभ कुमार ने लिखा है और दीपक मिश्रा ने डायरेक्ट किया है, जिसमें मनु आनंद डीओपी और विजुअल डायरेक्टर हैं. यह फिल्म 25 सितंबर को रिलीज होगी।

