HaridwarNews : भाजपा विधायक से गुहार लगाने धरने पर बैठी भाजपा नेता ! :- हरिद्वार में ग़ज़ब नजारा दिखाई दिया जब पूर्व राज्यमंत्री किरण सिंह ने शिवालिक नगर नगर पालिका की सुभाषनगर कॉलोनी की मूलभूत समस्याओं को दूर न करने का आरोप लगाते हुए सोमवार से भूख हड़ताल पर बैठ गयी…. जिसको भारी जन समर्थन मिलता दिखाई दिया है ।
किरण सिंह ने बताया कि कॉलोनी में आज तक सीवर बिछाने की व्यवस्था नहीं हो पाई है। कई वर्षों से इस समस्या की अनदेखी की जा रही है। इसके चलते कॉलोनीवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी के बीच से गुजर रही 33 हजार केवी की विद्युत हाईटेंशन लाइन को भी हटाया नहीं गया। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कई लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं और कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद वर्षों से यह लाइन कॉलोनी के बीच से गुजर रही है।
समाजसेविका किरण सिंह का कहना है कि कॉलोनी में करीब 25 वर्ष पहले बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके कारण घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। दूषित पानी पीने से क्षेत्र के कई लोग बीमारियों से पीड़ित हो रहे हैं। इन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। इसलिए वह सोमवार से भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर हुई है ।
25 हजार की आबादी बुनियादी सुविधाओं से तरस रही है ये कहते हुए भाजपा नेत्री ने स्थानीय विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया , उनका कहना है कि वो पार्टी से पहले समाजसेवी है इसलिए उन्हें धरना देना पड़ रहा है।
धरने पर बैठीं किरण सिंह ने सीधे तौर पर क्षेत्र के भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए पूछा है कि जब इलाके में विधायक भाजपा का है और नगर पालिका की कमान भी भाजपा के पास है, तो फिर पिछले 15 सालों में जनता को केवल वादे और अनदेखी ही क्यों मिली? उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि समस्याओं के स्थायी समाधान तक यह भूख हड़ताल खत्म नहीं होगी और मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

