KanpurNews : क्या तेज रफ्तार और पैसे की ताकत आम लोगों की सुरक्षा से बड़ी :- कानपुर से आई एक ऐसी खबर जिसने पूरे शहर को हिला दिया है। तेज रफ्तार, लापरवाही और रसूख के खेल के बीच आम लोगों की जान कैसे खतरे में पड़ जाती है, ये घटना उसी की एक बड़ी मिसाल बनकर सामने आई है।
बड़ी अपडेट एक क्लिक में :- UttarakhandGhostVillage :जहां उम्मीद लौटे, वहां गांव फिर से बसते हैं
कानपुर के ग्वालटोली इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि एक बुलेट सवार युवक हवा में उछलकर करीब दस फीट दूर जा गिरा, और कार बुलेट के ऊपर चढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब सवा तीन बजे वीआईपी रोड पर कार तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक कार बेकाबू हुई और सड़क किनारे खड़े कई लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में छह से ज्यादा लोग घायल हो गए। कुछ लोग सड़क पर गिर पड़े, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने गुस्से में कार को घेर लिया। बताया जा रहा है कि कार तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा चला रहे थे। भीड़ को देखकर वह कार के अंदर ही छिप गया। इस बीच उसके साथ मौजूद बाउंसरों ने लोगों को हटाने की कोशिश की, जिससे माहौल और बिगड़ गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और घायलों को अस्पताल भेजा। लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। पीड़ितों का आरोप है कि थाने में भी आरोपी पक्ष के लोगों ने अभद्र व्यवहार किया और पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया। लोगों का कहना है कि रसूखदार परिवार होने के कारण आरोपी को थाने से छोड़ दिया गया।
हालांकि, डीसीपी सेंट्रल ने कहा कि अभी तक किसी भी पीड़ित ने लिखित शिकायत नहीं दी है, और शिकायत मिलते ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कार को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर कई बड़े सवाल खड़े करती है। क्या तेज रफ्तार और पैसे की ताकत आम लोगों की सुरक्षा से बड़ी हो गई है? क्या कानून सबके लिए बराबर है? और क्या सरकार व प्रशासन ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करेंगे?
सरकार लगातार सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू करने की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर अब भी लापरवाही और दबाव के आरोप सामने आते रहते हैं। ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई ही जनता का भरोसा कायम रख सकती है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

