CBIInvestigation : ‘आदित्य ने जुर्म किया, हमारे पास सबूत हैं’: सतीश सालियान :- सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर गरमा गया है. दिशा के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे पर सीधा हमला बोलते हुए दावा किया है कि आदित्य ने अपराध किया है और सीबीआई जांच में सही समय पर सारे सबूत सामने आएंगे. इसके साथ ही उन्होंने अपनी बेटी की मौत की जांच को ‘राजनीति से प्रेरित’ बताने पर आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भी थमा दिया है।
आदित्य ठाकरे को लेकर दिशा के पिता सतीश सालियान ने कहा “मैं पिछले चार साल से उनका नाम ले रहा हूंस तब उन्होंने कुछ नहीं कहा था. FIR दर्ज होने के बाद ही वे क्यों बोल रहे हैं?… उन्होंने अपराध किया है. पुलिस और CBI उन्हें पकड़कर मामले को आगे बढ़ाएगी. अब मुझे कोई टेंशन नहीं है; जो भी जरूरी होगा, वे करेगे. अब मैं इसके बारे में चिंता नहीं करूंगा… इसमें शामिल लोगों के बारे में सब जानते हैं. वानखेड़े का बयान है और मोबाइल टावर लोकेशन का डेटा भी सामने आया है. इसके अलावा, हमारे पास सबूत, फ़ोटो, वीडियो, सब कुछ है। सही समय आने पर सब कुछ सामने आ जाएगा.’
इस पूरे विवाद पर आदित्य ठाकरे ने सफाई देते हुए कहा था, “मैं दिशा सालियान से कभी नहीं मिला. उनसे कोई जान-पहचान नहीं थी. करीब 6 साल से राजनीतिक और निजी कारणों से मेरा नाम इस मामले से जोड़ा जा रहा है. यह बिना सबूत के अभियान चलाने जैसा है. जांच एजेंसियों को बिना राजनीतिक हस्तक्षेप के मामले की जांच करनी चाहिए.”
‘बार एंड बेंच’ के मुताबिक, सतीश सालियान ने दोनों नेताओं को लीगल नोटिस भेजा है. इसमें उन्होंने आदित्य ठाकरे और अनिल देशमुख से कहा है कि वे अपने बयान वापस लें, खुलेआम माफी मांगें और 500 करोड़ रुपये का हर्जाना भरें. दोनों को इसके लिए 7 दिन का वक्त दिया गया है।
28 साल की दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड में एक बिल्डिंग से गिरकर संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी. इसके ठीक 6 दिन बाद, 14 जून को एक्टर सुशांत सिंह राजपूत भी अपने फ्लैट में मृत मिले थे. तब मुंबई पुलिस ने दिशा की मौत को खुदकुशी करार दिया था, लेकिन दिशा के पिता सतीश सालियान ने इसे नहीं माना और नए सिरे से जांच व एफआईआर की मांग लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंच गए. हाईकोर्ट ने 2 सितंबर को सीबीआई को केस दर्ज करने का आदेश दिया. इसके बाद 14 सितंबर को सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर मामले की नए सिरे से पड़ताल शुरू कर दी।
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई की एफआईआर में आदित्य ठाकरे के अलावा डीनो मोरिया, सूरज पंचोली और रिया चक्रवर्ती जैसे कई चर्चित नाम शामिल हैं. इसके साथ ही उस वक्त जांच में जुड़े पुलिसकर्मियों और मेडिकल स्टाफ की भूमिका की भी जांच की जा रही है. हालांकि, जानकारों का कहना है कि सिर्फ एफआईआर में नाम होने से कोई गुनहगार साबित नहीं होता. आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह सीबीआई की पूरी जांच के बाद ही साफ होगा।

