PithoragarhSnowfall : ओम पर्वत पर बिछी बर्फ की चादर :- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले स्थित आदि कैलाश और ओम पर्वत क्षेत्र में सितंबर के अंतिम सप्ताह में हुई भारी बर्फबारी का असर अभी भी दिखाई दे रहा है. करीब 4 से 5 फीट तक हिमपात के बाद पूरा उच्च हिमालयी क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर में ढक गया है. तापमान शून्य से नीचे पहुंचने के कारण पौराणिक पार्वती कुंड का पानी पूरी तरह जम गया है, जबकि भीम की खेती क्षेत्र भी बर्फ से ढका हुआ है. हालांकि बर्फबारी से कुछ मार्ग बाधित हुए हैं, लेकिन श्रद्धालु और पर्यटक इस दुर्लभ नजारे का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में आदि कैलाश और ओम पर्वत पहुंच रहे हैं।
सितंबर की बर्फबारी ने बदला हिमालय का नजारा
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 25 सितंबर से शुरू हुई बर्फबारी का असर अभी भी दिखाई दे रहा है. लगभग चार हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाके बर्फ की मोटी चादर से ढके हुए हैं. पिथौरागढ़ जिले के प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थलों आदि कैलाश तथा ओम पर्वत क्षेत्र में इस बर्फबारी का सबसे अधिक प्रभाव देखा गया है. जानकारी के अनुसार आदि कैलाश क्षेत्र में चार से पांच फीट तक तथा ओम पर्वत क्षेत्र में लगभग दो फीट तक बर्फ जमी हुई है. बर्फबारी के बाद पूरा क्षेत्र सफेद चादर में लिपटा दिखाई दे रहा है, जिससे यहां का प्राकृतिक सौंदर्य और भी आकर्षक हो गया है।
लगातार बर्फबारी और ठंड बढ़ने से क्षेत्र का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है. इसका असर पौराणिक और धार्मिक महत्व वाले पार्वती कुंड पर भी दिखाई दिया है. आदि कैलाश पर्वत के नीचे स्थित पार्वती कुंड का पूरा पानी जम चुका है. वहीं धार्मिक महत्व रखने वाला भीम की खेती क्षेत्र भी कई इंच मोटी बर्फ से ढक गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार इस समय क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और रात के समय तापमान काफी नीचे चला जाता है।

