LoveLotteryMovie : उत्तराखंड की वादियों में ‘नज़र लग जाएगी’ का खूबसूरत फिल्मांकन :- पहाड़ों की शांत वादियां, प्रकृति का सौंदर्य और दो दिलों के बीच पनपती नजदीकियों के खूबसूरत एहसासों को पिरोता हुआ आगामी फिल्म ‘लव लॉटरी’ का नया रोमांटिक गीत ‘नज़र लग जाएगी’ रिलीज़ कर दिया गया है। इस गाने में अभिनेता अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला की सहज व खूबसूरत केमिस्ट्री दर्शकों का दिल जीत रही है और फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रही है।
उत्तराखंड की हसीन लोकेशंस पर फिल्माया गया यह गाना न केवल रोमांस को दर्शाता है, बल्कि रिश्तों के उस भावनात्मक ताने-बाने की झलक भी पेश करता है, जो आगे चलकर कहानी में एक अप्रत्याशित मोड़ लाता है।
इस रोमांटिक गीत की सादगी और संगीतमयता इसे खास बनाती है , गीत को सुप्रसिद्ध गायक जावेद अली और राधिका भिड़े ने अपनी सुरीली आवाज़ से सजाया है, जो इसकी भावनात्मक गहराई को बढ़ाती है। गाने का संगीत वरुण मिश्रा और अरविंद पांडे ने तैयार किया है, जबकि इसके खूबसूरत बोल अरविंद पांडे ने लिखे हैं। उत्तराखंड की पहाड़ियों, हरियाली और शांत माहौल के बीच नवीन वी. मिश्रा की सिनेमैटोग्राफी और देवेंद्र चतुर्वेदी ‘डेविड’ की कोरियोग्राफी ने रोमांटिक भावनाओं को पर्दे पर बेहद सहज अंदाज़ में उतारा है
निर्देशक व संगीत निर्देशक अरविंद पांडे का कहना है कि “‘नज़र लग जाएगी’ के जरिए हम अपने किरदारों के रिश्ते के भावनात्मक और रोमांटिक पहलू को बहुत सहज तरीके से दिखाना चाहते थे। उत्तराखंड की खूबसूरती ने हमें इसके लिए बिल्कुल सही माहौल दिया।” वहीँ फिल्म के निर्माता कुलदीप भार्गव ‘तुषार बताते हैं कि “फिल्म ‘लव लॉटरी’ रिश्तों के उन पहलुओं को सामने लाती है, जहां प्यार और भरोसे के बीच परिस्थितियां अचानक ऐसा मोड़ ले लेती हैं, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की होती।”
अक्षय ओबेरॉय, हेली दारूवाला और कबीर दुहन सिंह की मुख्य भूमिकाओं से सजी ‘लव लॉटरी’ का यह पहला गाना दर्शकों के बीच अपनी जगह बना रहा है। सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 18 सितंबर 2026 को बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

