UttarakhandRainAlert : 124 सड़कें ठप, नदियों के बढ़ते जलस्तर से सावधान ! :- उत्तराखंड में मानसून का प्रकोप लगातार जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में मूसलाधार बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है।
आज कैसा रहेगा देवभूमि का मौसम ?
उत्तराखंड में आज 19 अगस्त को मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का ऑरेंज-रेड अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, चम्पावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर जिलों में गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना है. संवेदनशील जिलों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
कई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड के अधिकतर जिलों में बुधवार को भी तेज दौर की बारिश होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 19 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से जिलों में स्कूलों की छुट्टी के आदेश भी जारी हो रहे हैं. लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के चलते राज्य में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. प्रशासन और आपदा प्रबंधन इकाइयां अलर्ट मोड पर हैं, वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रियों और स्थानीय निवासियों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
पौड़ी में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टी
भारी बारिश और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पौड़ी गढ़वाल जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 19 अगस्त को एक दिन के अवकाश का आदेश दिया है।
124 सड़कें बंद, यातायात प्रभावित
पहाड़ों पर हो रहे लगातार भूस्खलन और मलबे के कारण प्रदेश की 124 सड़कें बंद हो गई हैं, जिनमें 92 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं. सबसे अधिक प्रभावित जिलों में पिथौरागढ़ (24 मार्ग), चमोली (20 मार्ग) और नैनीताल (18 मार्ग) शामिल हैं।

