UttarakhandElections : 8 जून से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ :- उत्तराखंड में मतदाता सूची को अद्यतन और अधिक सटीक बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने प्रदेश के 79 लाख 76 हजार से अधिक मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्रों की छपाई पूरी कर सभी जिलों को भेज दिए हैं, आगामी आठ जून से बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर इन प्रपत्रों का वितरण शुरू करेंगे।
निर्वाचन विभाग के अनुसार आठ जून से सात जुलाई तक बीएलओ मतदाताओं के घर पहुंचकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और भरे हुए फॉर्म वापस एकत्र करेंगे, इसके बाद सात जुलाई को मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया जाएगा, पुनर्गठन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन किया जाएगा।
ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद मतदाता 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे वहीं, 10 जुलाई से 11 सितंबर के बीच ऐसे मामलों की जांच की जाएगी, जिनमें निर्वाचन अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई जानकारी पर संतोष नहीं होगा, आवश्यकता पड़ने पर संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई की जाएगी। पूरी प्रक्रिया के बाद 15 सितंबर को राज्य की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
निर्वाचन विभाग ने बताया कि गणना प्रपत्र में मतदाता का वर्तमान ईपिक नंबर, नाम, पता, मतदान केंद्र की जानकारी और एक क्यूआर कोड पहले से मुद्रित रहेगा। इसके अतिरिक्त एक कॉलम में पिछली विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया से संबंधित विवरण भरना होगा, जिसमें मतदाता को अपना नाम, वर्ष 2003 की मतदाता सूची का ईपिक नंबर, संबंधित व्यक्ति का नाम, जिला, राज्य और विधानसभा क्षेत्र की जानकारी देनी होगी।
प्रपत्र में एक अन्य कॉलम उस व्यक्ति के विवरण के लिए होगा, जिसके आधार पर मतदाता अपना एसआईआर सत्यापन कराना चाहता है। इसमें संबंधित व्यक्ति का नाम, ईपिक नंबर, जिला और राज्य जैसी जानकारियां दर्ज करनी होंगी।इसके अलावा मतदाता को अपनी व्यक्तिगत जानकारी भी देनी होगी, जिसमें जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, आधार नंबर (वैकल्पिक), पिता, माता तथा पति या पत्नी का नाम और उनके ईपिक नंबर शामिल होंगे। निर्धारित स्थान पर नवीनतम फोटो चस्पा कर हस्ताक्षर के साथ यह प्रपत्र बीएलओ को जमा करना होगा।

