GPS : अगर GPS बंद हो जाए तो क्या-क्या होगा? :- आज की दुनिया में GPS सिर्फ रास्ता बताने वाला सिस्टम नहीं रह गया है. यह हमारी जिंदगी का ऐसा हिस्सा बन चुका है. इसके बिना आधुनिक दुनिया कुछ मिनटों में ही लड़खड़ा सकती है. मोबाइल से लेकर मिसाइल तक, प्लेन से लेकर UPI पेमेंट तक… हर चीज कहीं न कहीं GPS पर निर्भर है. क्या आपने कभी सोचा है कि अगर अचानक GPS बंद हो जाए, तो दुनिया का क्या होगा?
GPS यानी Global Positioning System अमेरिका से ऑपरेट होने वाला सैटेलाइट नेटवर्क है. पृथ्वी के चारों तरफ घूम रहे दर्जनों सैटेलाइट लगातार लोकेशन और टाइमिंग डेटा भेजते रहते हैं. यही डेटा आपके फोन, कार, प्लेन, जहाज और बैंकिंग सिस्टम तक पहुंचता है, लेकिन अगर किसी बड़े साइबर अटैक, युद्ध या सैटेलाइट फेल होने की वजह से GPS बंद हो जाए; तो इसका असर बेहद खतरनाक हो सकता है।
एयरवेज नेविगेशन के लिए GPS का इस्तेमाल करते हैं. पायलट्स के पास बैकअप सिस्टम होते हैं, लेकिन GPS फेल होने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल पर दबाव अचानक कई गुना बढ़ जाएगा. खराब मौसम या समुद्र के ऊपर उड़ रहे एयरक्राफ्ट की स्थिति और मुश्किल हो सकती है. ऐसे में फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ सकता है. कई एयरपोर्ट्स पर उड़ानें रोकनी पड़ सकती हैं।
सिर्फ प्लेन ही नहीं, समुद्री जहाजों की दुनिया भी GPS पर टिकी हुई है. बड़े कार्गो शिप्स और तेल टैंकर समुद्र में रास्ता तय करने के लिए सैटेलाइट नेविगेशन का सहारा लेते हैं. GPS बंद होने पर जहाज गलत दिशा में जा सकते हैं, टकराव का खतरा बढ़ सकता है. इससे ग्लोबल सप्लाई चेन पर असर पड़ सकता है।
आधुनिक युद्ध में GPS सबसे अहम हथियारों में से एक माना जाता है. कई स्मार्ट मिसाइलें और ड्रोन GPS के जरिए अपने टारगेट तक पहुंचते हैं. अगर GPS जाम हो जाए या गलत सिग्नल मिलने लगें, तो मिसाइलें रास्ता भटक सकती हैं. यही वजह है कि अमेरिका, रूस, चीन और भारत जैसे देश अब अपने वैकल्पिक नेविगेशन सिस्टम भी विकसित कर रहे हैं. भारत का NavIC सिस्टम इसी दिशा में बड़ा कदम माना जाता है।

