BadDreamsVitamin : किस विटामिन की कमी से आते हैं बुरे सपने ? :- कई लोग रात में सोते हैं लेकिन उनकी नींद पूरी तरह शांत नहीं रहती. कभी अचानक डरावने सपने, कभी अजीब घटनाएं और कभी बिना वजह बेचैनी महसूस होती है. सुबह उठने पर थकान और दिमाग भारी-भारी सा लगता है, जो एक गंभीर स्थिति की ओर इशारा करता है. अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो इसे सिर्फ तनाव या थकान समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
कई बार यह शरीर में किसी खास पोषक तत्वों, खासकर कुछ जरूरी विटामिन की कमी का संकेत हो सकता है, जिसे ज्यादा वक्त तक नजरअंदाज करना स्थिति को बहुत बिगाड़ सकता है. नींद का सीधा संबंध दिमाग और नर्वस सिस्टम से होता है, इसलिए इनकी कमी सपनों और मानसिक स्थिति पर असर डाल सकती है।
इस समस्या के पीछे विटामिन B12 की कमी हो सकती है. यह विटामिन दिमाग और नर्वस सिस्टम के लिए बहुत जरूरी होता है. इसकी कमी से दिमाग की गतिविधियां असंतुलित हो सकती हैं, जिससे नींद का प्राकृतिक चक्र बिगड़ जाता है. REM स्लीप फेज (यानी REM (Rapid Eye Movement) स्लीप फेज नींद का वह सक्रिय चरण है जब आंखें तेजी से हिलती हैं, दिमाग सक्रिय होता है, और जीवंत सपने आते हैं ) में गड़बड़ी होने के कारण व्यक्ति को अजीब, उलझे हुए या डरावने सपने आने लगते हैं. इतना ही नहीं, थकान, चक्कर आना और ध्यान न लगना जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं. B12 की कमी को दूर करने के लिए अंडा, दूध, दही, पनीर और मछली जैसे खाद्य पदार्थ फायदेमंद होते हैं. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट भी लिया जा सकता है, ताकि स्थिति को जल्दी काबू किया जा सके।
इसके अलावा विटामिन B6 दिमाग में सेरोटोनिन और मेलाटोनिन बनाने में मदद करता है, जो नींद और मूड को नियंत्रित करते हैं. इसकी कमी से सपने ज्यादा तीव्र और असामान्य हो सकते हैं. वहीं विटामिन D की कमी से भी नींद का पैटर्न बिगड़ता है और दिमाग अस्थिरता बढ़ सकती है. इसके अलावा मैग्नीशियम नर्व्स को रिलैक्स रखने में मदद करता है, और इसकी कमी से नींद हल्की और अस्थिर हो सकती है. इन पोषक तत्वों का संतुलन नींद की गुणवत्ता को बेहतर बनाता है और सपनों को सामान्य रखता है।
बुरे सपनों के पीछे अन्य कारण
ज्यादा तनाव और चिंता करना.
सोने से पहले मोबाइल या स्क्रीन का ज्यादा इस्तेमाल.
कैफीन या चाय-कॉफी का रात में सेवन.
नींद का अनियमित समय या देर रात तक जागना.
मानसिक थकान और ओवरथिंकिंग.

