RekhaAryaNews : सत्ता, साजिश और मंत्री रेखा आर्या का सनसनीखेज आरोप ! :- उत्तराखंड की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. उन्होंने अपनी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है. मंत्री ने पति पर पहली शादी की बात छिपाने, दूसरी महिलाओं से संबंध रखने, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. इस बीच उनकी तबीयत भी बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया।
रेखा आर्या ने इस मामले में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी जिक्र किया है, जिसने उन्हें अपनी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर कदम उठाने के लिए मजबूर किया. साथ ही अपना पक्ष रखते हुए एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वह रोते हुए सब बात बता रही हैं. FIR के मुताबिक, मंत्री आर्या ने आरोप लगाया कि उनके पति गिरधारी लाल साहू ने शादी के समय अपनी पहली शादी की बात उनसे छिपाई थी. उनके पति के दूसरी महिलाओं से संबंध हैं. उन्होंने दावा किया कि उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया. साथ ही, जान से मारने की धमकी दी और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल…
मंत्री रेखा आर्या ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें उन्हें मारने की साजिश से जुड़ी बातें सामने आईं. उनके मुताबिक, इस ऑडियो ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया. इसके बाद उन्होंने अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस का रुख किया और पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ जालसाजी, मारपीट, जातिगत प्रताड़ना और जान से मारने की साजिश रचने के आरोप लगाए हैं. उनकी शिकायत पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार, मामले में संबंधित धाराओं और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
शादी से जुड़ी जानकारी छिपाने का आरोप
रेखा आर्या ने पुलिस को बताया कि उनका विवाह वर्ष 2004 में बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू से हुआ था. उनके आरोप के मुताबिक, साहू ने अपनी पहली शादी और उससे हुए बच्चों की जानकारी उनसे छिपाई थी. जब उन्हें इस बारे में पता चला, तब तक उनके भी बच्चे हो चुके थे. मंत्री ने बताया कि सामाजिक परिस्थितियों के कारण उन्होंने उस समय इस मामले पर चुप रहना उचित समझा।
मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी के आरोप
मंत्री के मुताबिक, पिछले कुछ समय से उनके पति के व्यवहार में बदलाव आया और उन्हें दूसरी महिलाओं के साथ उनके कथित संबंधों की जानकारी मिली. इस पर आपत्ति जताने के बाद साहू ने मौखिक और लिखित रूप से माफी मांगी, लेकिन आरोप है कि उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ.रेखा आर्या ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, गाली-गलौज हुई और जातिसूचक शब्द कहे गए. उन्होंने यह भी दावा किया कि साहू कई बार उनके सरकारी आवास पर पहुंचे और वहां भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
फर्जी हस्ताक्षर से पद हटाने का दावा
मंत्री ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनके दस्तावेजों पर कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें एक कंपनी के निदेशक पद से हटा दिया गया. उनका कहना है कि उन्होंने न तो संबंधित दस्तावेज तैयार किए थे और न ही पद से इस्तीफा दिया था.एसपी सिटी शेखर चंद सुयाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना, जान से मारने की साजिश, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच
रेखा आर्या ने पुलिस को बताया कि हाल ही में उन्हें एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है. उनके आरोप के अनुसार, इसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं और कथित तौर पर मंत्री को जान से मारने की साजिश पर चर्चा कर रहे हैं.पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. ऑडियो रिकॉर्डिंग और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच के निष्कर्ष अभी सामने नहीं आए हैं।

