UttarakhandNews : कौन हैं उत्तराखंड के नए राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ? :- उत्तराखंड में नए राज्यपाल की नियुक्ति कर दी गई है। डॉ. ढाल सिंह बिसेन को प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे। गुरमीत सिंह सितंबर 2021 से उत्तराखंड के राज्यपाल के पद पर नियुक्त किए गए थे। उन्होंने उत्तराखंड के राज्यपाल के तौर पर सबसे लंबे समय तक सेवा देने का रिकॉर्ड बनाया है। उत्तराखंड चुनाव 2027 से पहले डॉ. ढाल सिंह बिसेन को प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं में से रहे हैं। मध्य प्रदेश की राजनीति में उन्हें अलग स्थान प्राप्त है। डॉ. बिसेन 2019 से 2024 के बीच सांसद भी रह चुके हैं।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के रहने वाले हैं। उनका जन्म 14 मई 1952 को सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेताओं में से एक रहे हैं। वे चार टर्म विधायक रहे। पहली बार वे वर्ष 1990 में विधायक चुने गए। इसके बाद 1993, 1998 और 2003 में मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए।
वर्ष 2003 से 2005 तक मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने वर्ष 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वर्ष 2019 में वे बालाघाट लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। वे आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के चिकित्सक हैं। इसके साथ ही वे सामाजिके कार्यों से भी लगातार जुड़े रहे हैं।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन को भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2019 में बालाघाट सीट से चुनावी मैदान में उतारा। चुनाव में जीत दर्ज कर वे सांसद बने। हालांकि, लोकसभा चुनाव 2024 में उनका टिकट कट गया। उनकी जगह भारती पारधी को चुनावी मैदान में उतारा अभी वे सांसद हैं। टिकट कटने के बाद भी डॉ. बिसेन लगातार भाजपा संगठन में सक्रिय थे। वे पार्टी के लिए काम कर रहे थे। अब उन्हें राज्यपाल बनाया गया है। पार्टी के लिए काम करने वाले नेताओं को पद दिए जाने को लेकर यह बड़ा संदेश दिया गया है।

