SleepProblems : रात में अचानक खुले नींद तो न करें इग्नोर :- नींद का बार-बार टूटना भले ही आम बात लगे, लेकिन अगर यह रोज की परेशानी बन जाए तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. रात में बार-बार आंख खुलना, दोबारा नींद न आना या सुबह समय से पहले जाग जाना आपकी नींद की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकता है. इसके पीछे तनाव और चिंता से लेकर अनिद्रा और स्लीप एपनिया तक कई वजहें हो सकती हैं. ऐसे में समस्या की वजह समझकर अपनी दिनचर्या और सोने की आदतों में जरूरी बदलाव करना फायदेमंद हो सकता है।
तनाव और गलत स्लीपिंग कंडीशन भी हो सकती है वजह
रात में नींद टूटने की सबसे आम वजहों में तनाव और चिंता शामिल हैं. दिनभर की परेशानियां और लगातार सोचते रहने की आदत दिमाग को आराम नहीं लेने देती, जिससे नींद बार-बार टूट सकती है. इसके अलावा असहज बिस्तर, गलत तकिया, कमरे का तापमान या शोर भी नींद में खलल डाल सकते हैं. इसलिए सोने के माहौल को आरामदायक बनाना भी अच्छी नींद के लिए जरूरी है।
बार-बार नींद टूटना हो सकता है अनिद्रा का संकेत
अगर रात में बार-बार नींद खुलती है और उसके बाद लंबे समय तक दोबारा नींद नहीं आती, तो यह अनिद्रा से जुड़ी समस्या हो सकती है. कुछ लोगों को सुबह होने से पहले ही नींद खुल जाती है या पूरी रात पर्याप्त नींद नहीं आती. इसका असर अगले दिन थकान, ध्यान लगाने में परेशानी और चिड़चिड़ेपन के रूप में दिखाई दे सकता है. अगर यह समस्या लगातार बनी रहे, तो विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है।
खर्राटे और सांस रुकना स्लीप एपनिया का संकेत
स्लीप एपनिया भी रात में अचानक नींद खुलने की एक अहम वजह हो सकती है. इस स्थिति में सोते समय सांस रुकने, तेज खर्राटे आने या घुटन जैसा महसूस होने की समस्या हो सकती है. कई बार व्यक्ति को खुद इसका पता नहीं चलता और परिवार के सदस्य इन लक्षणों को नोटिस करते हैं. अगर नींद के दौरान सांस रुकने या बार-बार घुटन के साथ जागने जैसी परेशानी हो, तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए।
बेहतर नींद के लिए बदलें अपनी दिनचर्या
अच्छी नींद के लिए दिनभर एक्टिव रहना और नियमित दिनचर्या अपनाना मददगार हो सकता है. सोने से पहले मोबाइल, लैपटॉप और दूसरे गैजेट्स का इस्तेमाल कम करना बेहतर है. इसकी जगह किताब पढ़ना, धीमा संगीत सुनना या कोई शांत गतिविधि करना रिलैक्स करने में मदद कर सकता है. साथ ही आरामदायक गद्दे और सही तकिए का इस्तेमाल करें. अगर रात में नींद टूटने की समस्या लगातार बनी रहती है या इसके साथ सांस रुकने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

