कौन है एल्विश की जान का दुश्मन? :- गुरुग्राम के सेक्टर 56 में उस समय सनसनी फैल गई जब मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विजेता एल्विश यादव के घर पर तड़के सुबह 5:30 बजे अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, तीन नकाबपोश बदमाश एक बाइक पर सवार होकर आए और घर के ग्राउंड व फर्स्ट फ्लोर पर करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि फायरिंग के वक्त एल्विश यादव घर में मौजूद नहीं था।
बड़ी ख़बर एक क्लिक में :- जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से तबाही
उस समय केवल केयरटेकर और परिवार के कुछ सदस्य घर में थे। एल्विश की ओर से अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है, लेकिन पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच चुकी है और गोली के निशान व अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि USA में मौजूद हिमांशु भाऊ के गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि अभी तक पुलिस ने इस गैंग से जुड़ी किसी भी ठोस पहचान या पुष्टि की बात नहीं कही है।
शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह फायरिंग एक तरह की चेतावनी हो सकती है, लेकिन यह भी सवाल उठता है कि आखिर एल्विश की जान को खतरा क्यों और किससे है? एल्विश यादव की लोकप्रियता अब सिर्फ यूट्यूब तक सीमित नहीं रही। वह अब एक पब्लिक फिगर बन चुका है जिसकी हर गतिविधि पर मीडिया और सोशल मीडिया की नजर रहती है। लेकिन इसी लोकप्रियता के साथ विवाद भी जुड़े हैं।
बीते साल सांप के ज़हर की तस्करी और रेव पार्टी से जुड़े एक मामले में एल्विश को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस पर कोबरा और क्रेट जैसे जहरीले सांपों के ज़हर की सप्लाई का आरोप लगा था। हालांकि बाद में उसने इन सभी आरोपों को खारिज किया था और उसे ज़मानत भी मिल गई थी। इतना ही नहीं एल्विश यादव पर एक और यूट्यूबर सागर ठाकुर उर्फ मैक्सटर्न के साथ मारपीट के आरोप भी लगे थे। ये विवाद सोशल मीडिया की गहमागहमी से शुरू हुआ और पुलिस स्टेशन तक जा पहुंचा।
बड़ी ख़बर एक क्लिक में :- HDFC ने दिया झटका, 25,000 हुआ मिनिमम बैलेंस
इन विवादों ने एल्विश की छवि को नुकसान पहुंचाया लेकिन उसकी फैन फॉलोइंग में कोई कमी नहीं आई। अब जब उसके घर पर फायरिंग हुई है तो एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह उसका पुराना कोई दुश्मन है या फिर उसका नाम अब किसी और बड़े रैकेट या गैंगवार से जुड़ चुका है? पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और उम्मीद है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर ली जाएगी।
एल्विश यादव की तरफ से कोई आधिकारिक बयान अब तक नहीं आया है लेकिन सोशल मीडिया पर उनके फैंस चिंता और गुस्सा दोनों जता रहे हैं। फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है और इस हमले ने एल्विश यादव की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह सिर्फ एक डराने की कोशिश थी या किसी बड़ी साजिश की शुरुआत? जवाब आने वाले दिनों में मिलेंगे।

