BadrinathHighwayAccident : बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा , 8 की हालत नाजुक :- बीती शाम बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ के पास पिकअप और राजस्थान नंबर की कार की आमने-सामने टक्कर हो गई. दुर्घटना में आठ लोग घायल हुए हैं. इनमें चार की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जोशीमठ रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का जेपी अस्पताल में इलाज जारी है।
दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बोलेरो पिकअप में छह लोग और कार में दो लोग सवार थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां घायलों की चीख-पुकार से अफरा-तफरी मच गई.सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची. स्थानीय लोगों और राहत दल ने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी घायलों को जेपी कंपनी के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
चार घायलों की हालत गंभीर
अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया. इनमें चार लोगों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोशीमठ भेजा गया, जबकि शेष चार का उपचार जेपी अस्पताल में जारी है.चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया. हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिकअप में सवार घायल
दुर्घटना में बोलेरो पिकअप में सवार आठ लोग घायल हुए हैं. घायलों की पहचान इस प्रकार है.
अंशुल (26 वर्ष), निवासी मंगलौर, हरिद्वार.
मोनू पाल (29 वर्ष), निवासी लंढौरा, हरिद्वार.
शिवम (31 वर्ष), निवासी मंगलौर, हरिद्वार.
शिव कुमार (42 वर्ष), निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर.
मेनपाल (38 वर्ष), निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर.
मनोज कुमार (35 वर्ष), निवासी डिडावली, मुजफ्फरनगर.
मोंटी (28 वर्ष), निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर.
जॉनी पाल (35 वर्ष), निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर.
कार में सवार अर्चिसा (20 वर्ष), पूनम रानी (46 वर्ष) और पुष्पेंद्र कुमार (50 वर्ष), तीनों निवासी जयपुर, राजस्थान को सामान्य चोटें आई हैं.
उत्तरकाशी में भी हुआ था हादसा
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने के बाद नदी में समा गई थी. इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक गंभीर घायल व्यक्ति को रेस्क्यू किया गया था. दो अन्य लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी था.वाहन में सवार यात्री गुजरात के रहने वाले थे. हादसे में वाहन चालक सुरेंद्र सिंह निवासी हरिद्वार की भी मौके पर मौत हो गई थी।

