ChemicalFreeHoli : रंगों के ‘अटैक’ से बचाएंगे ये देसी नुस्खे :- होली यानी रंगों का त्योहार, मौज-मस्ती और अपनों के साथ हुड़दंग. लेकिन इस मस्ती के बीच हम अक्सर एक बड़ी मुसीबत को दावत दे बैठते हैं, और वो है- कैमिकल वाले रंग. पुराने जमाने की बात और थी जब टेसू के फूलों और घर की बनी हल्दी से होली खेली जाती थी, लेकिन आज बाजार ऐसे रंगों से पटा पड़ा है जिनमें लेड (सीसा) और खतरनाक कैमिकल्स की भरमार होती है. नतीजा? त्योहार खत्म होते ही चेहरे पर दाने, रैशेज, खुजली और जलन जैसी समस्याएं हफ्तों तक पीछा नहीं छोड़तीं।
तेल की ‘सुरक्षा दीवार’ है सबसे जरूरी
होली खेलने निकलने से पहले अपनी स्किन के लिए एक ढाल तैयार करें. इसके लिए सबसे बढ़िया है नारियल या सरसों का तेल. सुबह उठते ही पूरे चेहरे और गर्दन पर तेल की अच्छी मालिश कर लें. माना कि चेहरे पर थोड़ा चिपचिपापन रहेगा और आपकी सेल्फी शायद उतनी ‘परफेक्ट’ न आए, लेकिन यकीन मानिए, ये तेल रंगों को आपकी त्वचा के अंदर घुसने से रोक देगा. तेल की चिकनाई की वजह से रंग जम नहीं पाएंगे और बाद में इन्हें छुड़ाना बहुत आसान हो जाएगा।
बड़ी ख़बर एक क्लिक में :- केला खाने के अचूक फायदे
पेट्रोलियम जेली और सनस्क्रीन का कॉम्बो
अगर आपको तेल लगाना पसंद नहीं है, तो पेट्रोलियम जेली की एक मोटी परत लगाएं. इसके अलावा, चूंकि होली अक्सर खुले मैदान या धूप में खेली जाती है, इसलिए सनस्क्रीन लगाना बिल्कुल न भूलें. धूप और कैमिकल वाले रंग मिलकर त्वचा को ‘सनबर्न’ और डैमेज का दोगुना खतरा पहुंचाते हैं. एक अच्छी सनस्क्रीन न केवल टैनिंग से बचाएगी, बल्कि रंगों के सीधे संपर्क को भी कम करेगी।
होंठ और नाखून को न करें नजरअंदाज
अक्सर हम चेहरे का ख्याल रखते हैं लेकिन होंठ और नाखून भूल जाते हैं. होंठों की स्किन बहुत नाजुक होती है, इसलिए एक अच्छी क्वालिटी का लिप बाम या घी जरूर लगाएं ताकि वहां दरारें न पड़ें और रंग अंदर न जाए. रही बात नाखूनों की, तो लड़कियां गहरे रंग की नेलपेंट लगा सकती हैं. लड़कों के लिए सलाह है कि वे ‘ट्रांसपेरेंट नेलपेंट’ का इस्तेमाल करें. नाखूनों के अंदरूनी हिस्से में भी इसे लगाने से रंग वहां नहीं फंसेगा और हाथ गंदे नहीं दिखेंगे।
बड़ी ख़बर एक क्लिक में :- सरसों का तेल और लहसुन के फायदे
कपड़ों का चुनाव भी है चालाकी
स्टाइल के चक्कर में छोटे कपड़े पहनने की गलती न करें. कोशिश करें कि फुल स्लीव्स के कुर्ते या टी-शर्ट और पूरी लंबाई वाले पायजामे पहनें. जितनी कम स्किन दिखेगी, उतना ही कम कैमिकल आपकी बॉडी को छुएगा. साथ ही, पैरों में ऐसे फुटवियर पहनें जिनकी ग्रिप अच्छी हो, ताकि गीले फर्श पर फिसलने का डर न रहे।

