मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेलों के आयोजन से संबंधित व्यवस्था एवं जरूरतों को पूरा करने के लिए उच्चाधिकार प्राप्त समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
यह समिति आयोजन से संबंधित त्वरित निर्णय लेने के लिए अधिकृत होगी।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों में राज्य के परंपरागत खेलों को भी शामिल करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए राज्य स्तरीय खेलों का आयोजन इससे पहले किया जाए।
जो खिलाड़ी दूसरे राज्यों से खेल रहे हैं, उन्हें अपने राज्य से खेलने को प्रेरित किया जाए।राज्य में युवा खिलाडिय़ों के व्यापक हित में तैयार की गई खेल नीति का प्रचार-प्रसार किया जाए।
इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि जी-20 के सफल आयोजन की भांति यह आयोजन भी सफलतापूर्वक संपन्न हो।
इससे राज्य की बेहतर पहचान बनेगी तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने इस आयोजन के लिए अभी से वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि गुजरात में हुए राष्ट्रीय खेलों और इस वर्ष गोवा में आयोजित हो रहे राष्ट्रीय खेलों की व्यवस्था का भी अध्ययन किया जाए।
इस बात का ध्यान रखा जाए कि प्रदेश में होने वाले राष्ट्रीय खेल पर्यटन के साथ ही राज्य की संस्कृति के प्रचार-प्रसार का माध्यम बनें।

