BadrinathDham : बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को होंगे बंद :- भाईदूज के पावन अवसर पर बुधवार सुबह 8:30 बजे पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे। कपाट बंद होने के साथ ही बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ के लिए रवाना हो चुकी है। आज ही सुबह 10.28 बजे मां यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं। गंगोत्री के कपाट दोवर्धन पूजा पर बंद किए गए। जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद किए जाएंगे। इस तरह इस वर्षकी चारधाम यात्रा समापन की ओर है।
तड़के हुआ बाबा का महाअभिषेक
केदारनाथ धाम के कपाट बंद करने की प्रक्रिया तड़के से ही शुरू कर दी गई थी। सुबह भगवान शिव का भव्य महाअभिषेक किया गया। इसके बाद विशेष पूजा-अर्चना हुई और भोग लगाया गया। इसके बाद भगवान शिव को समाधि रूप देकर सुबह ठीक 8:30 बजे मंदिर के मुख्य कपाट आगामी छह महीनों के लिए बंद कर दिए गए। अब अगले छह महीने तक श्रद्धालु उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में ही बाबा के दर्शन और पूजा कर सकेंगे। मुख्य कपाट बंद होने के तुरंत बाद सेना के बैंड की मधुर धुनों और ‘जय बाबा केदार’ के जयकारों के बीच बाबा केदार की उत्सव डोली उखीमठ के लिए निकल पड़ी। यह डोली विभिन्न पड़ावों से होते हुए अपने शीतकालीन स्थल तक पहुंचेगी, जहां शीतकाल के दौरान नियमित रूप से बाबा की पूजा-अर्चना संपन्न होगी।
चारधाम यात्रा के तीसरे धाम यमुनोत्री के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद हो गए। भैयादूज के पावन पर्व पर बुधवार को सुबह 10.28 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही छह माह तक चलने वाली शीतकालीन पूजा-अर्चना का क्रम मां यमुना के मायके खरसाली स्थित यमुना मंदिर में शुरू हो जाएगा।
कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली सोमेश्वर महाराज की अगुवाई में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली के लिए रवाना हुई।इससे पहले गोवर्धन पूजा के दिन मंगलवार को गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए। जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद किए जाएंगे।

