देश दुनिया की सबसे बड़ी खबरें : बेलडा की महिलाओं का अनोखा कारनामा
रुड़की शहर के पास बेलडा गांव में कूड़े से लाखों कमाने वाला महिला स्वयं सहायता समूह पूरे प्रदेश के लिए नजीर बन गया है। घर-घर कूड़ा एकत्रीकरण योजना संचालित करने वालीं महिलाएं गांव के 1800 परिवारों से प्रतिमाह 30-30 रुपये की रसीद काट रही हैं। यही नहीं अब एक कदम और बढ़ाते हुए महिला समूह ने एक स्कूल से सालाना 50 हजार रुपये में कूड़ा उठाने के लिए अनुबंध किया है।
उत्तराखंड राष्ट्रीय खेल में 11 खिलाड़ी डोप में फंसे
खेलों में डोपिंग का एक और दुर्भाग्यपूर्ण मामला सामने आया है। उत्तराखंड में हाल में हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों में 11 खिलाड़ी डोप में फंसे हैं। डोप पॉजिटिव खिलाडि़यों में ज्यादातर पदक विजेता हैं। इनमें सर्वाधिक छह खिलाड़ी पंजाब से हैं।
हजारों फेल छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर
उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में इस साल 28 हजार छात्र फेल हो गए। इन फेल छात्रों में से हजारों छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर की ओर से उत्तीर्ण होने के लिए एक नहीं बल्कि तीन मौके दिए जाएंगे।
जीरो प्वाइंट के पास कैंपटी घूमकर लौट रहे पर्यटकों की कार में लगी आग
मसूरी शहर के कैंपटी रोड पर रविवार को पर्यटक वाहन में अचानक आग लग गई। हादसे में वाहन में सवार सभी छह लोग बाल-बाल बचे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर घटना स्थल पर पहुंचे और बामुश्किल आग बुझाई।
बोकारो में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता
बोकारो में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 8 नक्सली मारे गए। मुठभेड़ लुगू पहाड़ की तलहटी में हुई जहां पुलिस और सीआरपीएफ की टीम नक्सलियों का पीछा कर रही थी। सुबह लगभग 4 बजे से नक्सलियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ शुरू हुई। इसमें एक करोड़ ओर 25 लाख का इनामी नक्सली भी मारा गया है।
‘ये इतना बड़ा मामला नहीं’
आगरा में दलित बालिका से दुष्कर्म की घटना पर सपा सांसद रामजी लाल सुमन का बयान चर्चा में है। जब उनसे पूछा गया कि क्या सपा मुखिया यहां आएंगे तो सुमन ने कहा कि यह इतना बड़ा मामला नहीं है। उनके इस बयान की सोशल मीडिया पर आलोचना हो रही है। पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सुमन ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी हमला बोला।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पत्नी और बच्चों के साथ पहुंचे भारत
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस चार दिवसीय यात्रा के लिए भारत पहुंच चुके हैं। जेडी वेंस के साथ उनकी पत्नी वेंस उषा वेंस उनके बच्चे और अमेरिकी प्रशासन के अन्य वरिष्ठ सदस्य भी आए हैं। वो आज पीएम मोदी से भी मुलाकात करेंगे। अमेरिका का उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह जेडी वेंस का पहला आधिकारिक भारत दौरा है। यह यात्रा 21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक चलेगी।
तेलंगाना के मेडक में दो कारें आपस में भिड़ीं
तेलंगाना के मेडक जिले में एक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। हादसा कौडीपल्ली पुलिस स्टेशन के अंतर्गत वेंकट राव पेट पुल पर हुआ। यहां दो कारें आपस में टकरा गईं। हादसे में सात अन्य लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। कौडीपल्ली पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर के मुताबिक हादसा रविवार व सोमवार की रात 1200 से 100 बजे के बीच हुआ।
बिहार के लोगों के लिए खुशखबरी
बिहार सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में लोक स्वास्थ्य और हॉस्पिटल मैनेजमेंट के लिए 20016 नए पद सृजित करने हेतु महालेखाकार से स्वीकृति मांगी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। इन पदों के सृजन से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। एजी की स्वीकृति के बाद इन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ होने की उम्मीद है।
खंडहर से आ रही थी रोने की आवाज…
बरेली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक मां ने अपनी घायल बेटी को खंडहर में छोड़ दिया। अभिनेत्री दिशा पटानी की बहन मेजर खुशबू पटानी ने बच्ची को बचाया और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बच्ची के होंठ और चेहरे पर चोट के निशान थे। खुशबू पटानी का वीडियो वायरल हो गया जिसमें वह बच्ची को गोद में लेकर प्यार कर रही हैं।

