UttarakhandSnowfall : पहाड़ों पर बिछी बर्फ की चादर :- उत्तराखंड के पहाड़ों से आई ये तस्वीरें सिर्फ मौसम का बदलना नहीं, बल्कि सैलानियों की खुशियों की बर्फीली सौगात हैं। नए साल की पहली बर्फबारी ने मसूरी, नैनीताल, औली और चोपता को फिर से सर्दियों की रानी बना दिया है।
लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में नए साल का पहला हिमपात शुरू हो गया। बर्फ गिरते ही कड़ाके की ठंड ने एक बार फिर पहाड़ों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर निचले इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में दिनभर बारिश होती रही, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने नज़ारों को जन्नत सा बना दिया।
मसूरी में मौसम बदलते ही सैलानियों के चेहरे खिल उठे। लाल टिब्बा, धनोल्टी, नाग टिब्बा और आसपास के इलाकों में जमकर बर्फ गिरी, जो आज भी जमी हुई है। जैसे ही बर्फबारी शुरू हुई, पर्यटक होटलों से बाहर निकल आए और बर्फ के बीच फोटो, वीडियो और मस्ती करते नजर आए। मॉल रोड से लेकर व्यू पॉइंट्स तक हर जगह बर्फ की सफेद चादर बिछी दिखाई दी।
शुक्रवार की बर्फबारी के बाद पर्यटकों का रुख मसूरी, नैनीताल, औली और चोपता की ओर तेजी से बढ़ा है। हालांकि, मौसम साफ होने के बाद सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं और कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। इसके बावजूद सैलानी इस नज़ारे से बेहद खुश नजर आए।
गुरुग्राम से मसूरी पहुंचीं संजना बताती हैं कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यहां बर्फबारी देखने को मिलेगी। उनका कहना है कि दिल्ली के मुकाबले यहां की हवा और मौसम काफी बेहतर है। हालांकि ट्रैफिक की समस्या जरूर है, लेकिन इन खूबसूरत नज़ारों के सामने वह भी छोटी लगती है। उन्होंने पर्यटकों से स्थानीय नियमों का पालन करने और स्थानीय लोगों के साथ सफर करने की अपील भी की।
वहीं गुरुग्राम से आए सुमित का कहना है कि आमतौर पर वह इस मौसम में बर्फबारी देखने कश्मीर जाते हैं, लेकिन इस बार मसूरी में ही उन्हें कश्मीर जैसा अनुभव मिल गया। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण और खराब एयर क्वालिटी के बीच मसूरी का मौसम उनके लिए किसी राहत से कम नहीं है।
बड़ी अपडेट एक क्लिक में :- RepublicDay2026 : गणतंत्र दिवस का इतिहास
उत्तर प्रदेश के वाराणसी से आए विकास ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ बर्फबारी देखने औली गए थे, लेकिन वहां निराशा हाथ लगी। आखिरी पड़ाव मसूरी था, जहां अचानक मौसम बदल गया और बर्फबारी शुरू हो गई। इसके बाद उन्होंने अपनी ट्रेन टिकट कैंसिल कर दी और बर्फबारी का पूरा आनंद लिया। विकास का कहना है कि यहां का माहौल बेहद खुशनुमा है और ठंड के बावजूद दिल खुश हो गया।
प्रदेश के कई इलाकों में बर्फबारी से सड़कें, पेड़ और मकान पूरी तरह सफेद चादर में लिपटे नजर आ रहे हैं। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली, मसूरी, चकराता, धनोल्टी और उत्तरकाशी में बर्फबारी से नज़ारे बेहद आकर्षक हो गए हैं। लोग इन पलों को कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।
बर्फबारी से जहां सैलानी खुश हैं, वहीं सेब उत्पादकों और बागवानों के चेहरे भी खिल उठे हैं, जो लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और तेज हवाओं की भी आशंका जताई गई है। कुल मिलाकर, उत्तराखंड की ये बर्फीली वादियां एक बार फिर सैलानियों को अपनी ओर खींच रही हैं, लेकिन प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों को नजरअंदाज किए बिना सुरक्षित सफर करना बेहद जरूरी है।

