श्री हेमकुंड साहिब यात्रा 25 मई से होगी शुरू : समुद्र तल से 14,500 फीट की ऊँचाई पर स्थित पवित्र तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 25 मई 2025 को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। हेमकुंड साहिब, जो हिन्दू और सिख धर्म की आस्था का संगम है, हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है।
इस यात्रा की तैयारी युद्ध स्तर पर की जा रही है। गोविंदधाम से लेकर हेमकुंड साहिब तक के 6 किलोमीटर लंबे ‘गुरु आस्था पथ’ पर भारी बर्फबारी के कारण मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इसे साफ करने के लिए भारतीय सेना की विशेष टुकड़ी और गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के सेवादारों ने मोर्चा संभाल लिया है।
करीब 25 जवान और ट्रस्ट के सेवादार दिन-रात बर्फ हटाने में जुटे हुए हैं। मार्ग पर कई स्थानों पर बड़े हिमखंड और गहराई तक जमी बर्फ को काटकर रास्ता साफ किया जा रहा है। खराब मौसम और विषम परिस्थितियों के बावजूद जवानों और सेवादारों का जोश कायम है।
गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के सीनियर मैनेजर सरदार सेवा सिंह ने बताया कि “गुरु कृपा से यात्रा की सभी तैयारियों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। गोविंदघाट से लेकर गोविंदधाम और हेमकुंड साहिब तक सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त की जा रही हैं।”
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष हेमकुंड साहिब की यात्रा केवल कुछ महीनों के लिए खुलती है और यहां पहुँचने का रास्ता दुर्गम होने के कारण यात्रियों को शारीरिक रूप से सक्षम होना आवश्यक होता है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर आने से पहले स्वास्थ्य की पूरी जांच कराएं और मौसम की जानकारी लेकर ही रवाना हों।

