INDIA

राष्ट्रपति चुनाव का परिणाम आज, 11 बजे से शुरू होगी मतगणना

11 बजे संसद भवन में होगी मतगणना शुरू

भारतीय जनता को आज पता चल जाएगा कि देश का 16वां राष्ट्रपति कौन होगा. राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मतदान हो चुका है और गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे यहां संसद भवन में मतगणना शुरू होगी. सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से द्रौपदी मुर्मू जबकि विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं. मुर्मू की जीत की काफी संभावना जतायी जा रही है.

नड्डा के नेतृत्व में भाजपा की ‘अभिनंदन यात्रा’ की योजना

दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इकाई के नेताओं ने गुरुवार शाम को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना के बाद भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा के नेतृत्व में एक विशाल ”अभिनंदन यात्रा” की योजना बनायी है, जिसमें हज़ारों नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे.

जिन राज्यों में100%वोटिंग, उनमें से अधिकांश भाजपा शासित

चुनाव में गुजरात, हिमाचल प्रदेश, गोवा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश सहित कई भाजपा शासित राज्यों में 100 फीसदी विधायकों ने मतदान किया.

राष्ट्रपति चुनाव: बड़ी संख्या में क्षेत्रीय दलों का समर्थन

राजग के अलावा झामुमो, बीजद, वाइएसआर कांग्रेस, बसपा, अकाली दल और शिवसेना जैसे क्षेत्रीय दलों ने द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया है.

द्रौपदी मुर्मू का गृह नगर जीत को लेकर आश्वस्त, तैयारियां शुरू

द्रौपदी मुर्मू के गृह नगर ओड़िशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर के लोगों को उनके जीत हासिल करने का पूरा भरोसा है और इसे ध्यान में रखते हुए समारोह की तैयारियां यहां बुधवार को शुरू हो गयी. लोक कलाकारों ने अपने कार्यक्रम के लिए अभ्यास किया.

तो देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनने का मिलेगा गौरव

द्रौपदी मुर्मू यदि देश की16वीं राष्ट्रपति चुनी जाती हैं, तो वह आजादी के बाद जन्मीं इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाली पहली नेता होंगी. साथ ही वह इस पद पर पहुंचने वाली देश की पहली आदिवासी महिला भी होंगी. 64 साल की उम्र में भारत की सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति बनने का गौरव भी उनके नाम होगा. 20 जून, 1958 को ओड़िशा के संथाल परिवार में जन्मीं द्रौपदी मुर्मू झारखंड की पहली महिला राज्यपाल भी रह चुकी हैं.

पांच बजे शाम तक रिजल्ट घोषित

पहले सांसदों के मतों की गिनती होगी. पांच बजे शाम तक रिजल्ट घोषित हो जाने की उम्मीद है. आंकड़े द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में नजर आ रहे हैं.

विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा को क्रॉस वोटिंग का हो सकता है भारी नुकसान

विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का कांग्रेस, राजद, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, भाकपा, माकपा, समाजवादी पार्टी, रालोद, नेकॉ, आम आदमी पार्टी, टीआरएस और एआइयूडीएफ जैसे दल समर्थन कर रहे हैं. हालांकि राष्ट्रपति चुनाव में मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर हुए क्रॉस वोटिंग से उन्हें वोटों में भारी नुकसान होने की आशंका है.

 

 

Related Articles

Back to top button