PMSuryaGharYojna : “पीएम सूर्य घर: उत्तराखण्ड ने लहराया परचम :- प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व, मुख्य सचिव आनन्द बर्धन एवं प्रमुख सचिव (ऊर्जा) डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को पीएम सूर्य घर: मुफ़्त बिजली योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु एक साथ चार पुरस्कार प्राप्त हुए।नई दिल्ली स्थित अटल अक्षय ऊर्जा भवन में पीएम सूर्य घर: मुफ़्त बिजली योजना के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री द्वारा उत्तराखण्ड को सम्मानित किया गया।
उत्तराखण्ड की ओर से यह पुरस्कार उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक जी. एस. बुदियाल द्वारा ग्रहण किया गया। इस अवसर पर सभी राज्यों के प्रतिनिधियों के अतिरिक्त भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव सन्तोष कुमार सारंगी, आरईसी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जितेन्द्र श्रीवास्तव, पीएफसी के कार्यकारी निदेशक (ईडी) सौरभ जैन, सीईईडब्ल्यू (के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अरुणाभ घोष, एंगेजमेंट लीड, सीईईडब्ल्यू के पंकज करगेती तथा उरेडा के उप मुख्य परियोजना अधिकारी अखिलेश शर्मा सहित अनेक अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा आयोजित पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना अवार्ड समारोह में उत्तराखण्ड को औसत उपभोक्ता आधार वाले राज्यों की श्रेणी में चार महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। राज्य सरकार द्वारा अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे सतत् प्रयासों एवं जन-केंद्रित नीतियों के परिणामस्वरूप उत्तराखण्ड ने पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में देशभर में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है।
उत्तराखण्ड को निम्नलिखित चार श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया:
1. सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन
2. सर्वाधिक रूफटॉप सोलर संस्थापन
3. सर्वाधिक डिस्कॉम निरीक्षण
4. सर्वाधिक विक्रेता पंजीकरण

